Bihar Election 2025: 'आओ सनम, जाओ सनम' की तर्ज पर चल रहा इंडिया गठबंधन, बिहार में AAP के अकेले चुनाव लड़ने पर बोले मंत्री जीवेश मिश्रा

- विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में सियासी सरगर्मियां तेज
- बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी आप AAP
- मंत्री जीवेश मिश्रा ने इंडिया अलॉयंस पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ दिनों का समय शेष बचा है। इससे पहले सूबे में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बिहार चुनाव अकेले लड़ने के ऐलान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सत्ताधारी गठबंधन एनडीए समेत विपक्षी गठबंधन इंडिया के कई नेता इस पर बयान दे रहे हैं। इसी क्रम में बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता जीवेश मिश्रा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, वहां (इंडिया गठबंधन) कौन किसके साथ है, किसके खिलाफ है, यह किसी को समझ नहीं आता। केजरीवाल अलग चुनाव लड़ेंगे या साथ आएंगे, एआईएमआईएम शामिल होगी या बाहर रहेगी, इन सबका कोई सिर-पैर नहीं है। यह गठबंधन अब 'आओ सनम, जाओ सनम' की तर्ज पर चल रहा है।"
'हम पांडवों की तरह मैदान में उतरेंगे'
एनडीए की ताकत पर भरोसा जताते हुए मंत्री मिश्रा ने कहा कि हमारी एनडीए की पंचशील ताकत पांच दलों में है। हम पांडवों की तरह मैदान में उतरेंगे। पांडवों ने महाभारत जीता था, हम भी यह चुनाव भारी मतों से जीतेंगे। जनता के विकास, स्थिरता और सुशासन के भरोसे पर हम चुनाव में उतरेंगे और विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए में पूरी स्पष्टता और अनुशासन है, जबकि विपक्षी खेमे में सिर्फ भ्रम और घबराहट है।
'आरजेडी पर कसा तंज'
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पर भी जीवेश मिश्रा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वहां कार्यकारिणी का क्या मतलब? एक आदमी बोलेगा और बाकी सब सुनते रहेंगे। कोई संवाद नहीं, कोई लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं। यह सिर्फ दिखावा है। वहां आंतरिक लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीते दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने का ऐलान किया था। इसके साथ ही इंडिया गठबंधन से नाता तोड़ते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, '' इंडिया अलायंस सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। अब हमारी तरफ से कोई गठबंधन नहीं है।"
Created On :   4 July 2025 11:38 PM IST