हिजाब विवाद पर सियासी बवाल!: CM नीतीश कुमार पर निशाना साधने से नहीं चूक रहा विपक्ष, अब इंडिया गठबंधन के इस बड़े नेता ने उठाई माफी की मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुस्लिम महिला के हिजाब खींचने पर जमकर बवाल देखने को मिल रहा है। इस मामले को लेकर विपक्षी दल के नेता एनडीए पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इस बीच अब जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार की निंदा की है। उन्होंने मुस्लिम महिला का हिजाब खींचने के लिए सीएम नीतीश से माफी मांगने के लिए कहा है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह के बयान पर नाराजगी जताई है। उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि अगर उन्होंने किसी हिंदू महिला का घूंघट उतारा होता तब भी क्या बीजेपी का यही रिएक्शन होता।
यह भी पढ़े -'विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं,' अर्जुन सिंह ने मनरेगा विवाद को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
उमर अब्दुल्ला ने नीतीश कुमार के हिजाब खींचने पर जताई नाराजगी
बता दें, मुख्यमंत्री सचिवालय में आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का नकाब खींचा था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस वीडियो पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'पहले तो एक सेकंड के लिए छोड़ दीजिए कि वह एक मुस्लिम महिला थी, हिजाब था। सिर्फ महिला पर भी इस तरह हाथ उठाना या उनके कपड़ों को छेड़ना ये कहां पर सही है। क्या आप ये करते, मैं कभी नहीं करता तो उनको क्या जरूरत महसूस हुई कि औरत के कपड़ों को वह हाथ लगाएं। उसके बाद एक मुस्लिम महिला के हिजाब को इस तरह उतारना, यहां तक कि मैं आज पढ़ रहा था कि वो लेडी डॉक्टर अब अपना ऑर्डर लेना ही नहीं चाहती। वह कहती हैं कि वह अब सर्विस जॉइन ही नहीं करेंगी।'
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि एक तो नीतीश जी को अपनी गलती का एहसास होना चाहिए, फिर उस डॉक्टर को बुलाकर उससे माफी मांगनी चाहिए और कोशिश की जानी चाहिए कि वह अपने इस फैसले को बदल दें और सर्विस में आकर लोगों की खिदमत करें।
यह भी पढ़े -बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई कोर्ट का सख्त फैसला चार आरोपियों को 4 साल कैद और 1 लाख जुर्माना
नीतीश कुमार के समर्थन में उतरे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
वहीं, बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार के हिजाब खींचने वाले बर्ताव पर डिफेंड किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए। क्या यह कोई इस्लामिक देश है। नीतीश कुमार ने अभिभावक की भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि यह महिला पर निर्भर है कि वह सरकारी नौकरी को ठुकरा दे या जहन्नुम में जाए।
गिरिराज सिंह के बयान पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'बीजेपी से तो आप यही उम्मीद करोगे न। अगर ये हरियाणा या राजस्थान में किसी हिंदू औरत का घूंघट होता और मैंने उतारा होता तो क्या बीजेपी वाले यही कहते। अगर किसी मुसलमान लीडर ने किसी हिंदू औरत का घूंघट उतारा होता तो कितना बवाल होता। चूंकि ये डॉक्टर मुसलमान थी इसलिए बीजेपी का रिएक्शन अलग है। हम इनसे यही उम्मीद कर सकते हैं। इससे ज्यादा तो कुछ उम्मीद नहीं कर सकते।'
Created On :   19 Dec 2025 7:54 PM IST












