Tarun Chugh Statement: मुसलमानों को लेकर बीजेपी नेता तरुण चुग ने दी टिप्पणी, कहा- 'ये सरकार धर्म और जाति पूछकर काम नहीं...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने रविवार को कहा है कि उनकी पार्टी की सरकार धर्म पूछकर काम नहीं करती है। साथ ही उन्होंने कहा है कि, वे पैगंबर मुहम्मद साहब के संदेश पर ही महिला सशक्तिकरण पर काम कर रहे हैं। तरुण चुघ ने बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा की उत्तर प्रदेश की इकाई की तरफ से नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर अल्पसंख्यकों का पैगाम, मोदी के साथ मुसलमान विषय पर आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया है और केंद्र सरकार की तरफ से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लिए गए फैसलों का जिक्र किया है।
तरुण चुघ ने क्या कहा?
तरुण चुघ ने कहा कि, हमारे पूज्य पैगंबर साहब ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आदेश दिए थे। उन्होंने कहा थआ कि महिलाएं आगे बढ़ें और उनका सशक्तिकरण हो, वह तालीम हासिल करें। आज उनके उस संदेश को पूरा करने के लिए लगातार काम हो रहा है।
सरकार की तरफ से जारी है महिला सशक्तिकरण अभियान
तरुण चुघ ने सरकार की तरफ से महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही अलग-अलग योजनाओं का जिक्र भी किया है। उन्होंने कहा, 'पीएम आवास योजना के तहत एक करोड़ घरों की रजिस्ट्री मुस्लिम बहनों के नाम पर की गई है। यहां तक कि लगभग दो करोड़ उज्जवला गैस के कनेक्शन भी मुस्लिम बहनों को बांटे गए हैं। तीन तलाक को खत्म किया गया है। ये सरकार धर्म और जाति पूछकर काम नहीं करती है। मेरे अल्पसंख्यक भाई आगे बढ़ें और डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर बनें और बड़ा आदमी बनें। इसके लिए भी पांच करोड़ अल्पसंख्यक बच्चों को सरकार ने वजीफा भी दिया है और उनके आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई की योजना शुरू की है।'
Created On :   29 Jun 2025 6:31 PM IST












