उत्तरप्रदेश पॉलिटिक्स: अखिलेश यादव ने BJP को लिया आड़े हाथ, महंगाई से लेकर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के चीफ और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा को महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा। इस दौरान उन्होंने भाजपा को महंगाई का चैंपियन भी बताया है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना
सोशल मीडिया एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, "भाजपा सरकार पहले 'मुनाफ़ाखोरी' घटाए और 'भाजपाई चंदाखोरी' मिटाए फिर महंगाई घटाने की बात करे। खाद्य तेल पर लगने वाले आयात शुल्क को घटाने का फ़ायदा जनता को भी मिलना चाहिए, न कि केवल घरेलू उत्पादकों को। लागत घट रही है तो खुदरा मूल्य भी घटना चाहिए।"
अखिलेश यादव ने आगे कहा, "कहीं ऐसा तो नहीं कि ये दिखावटी आयात शुल्क कटौती बस कुछ ख़ास आयातकों और उत्पादकों के फ़ायदे के लिए ही है, जनता के लिए नहीं। चलो इससे ये बात तो साबित हुई कि भाजपा सरकार ने मान लिया है कि बेतहाशा महंगाई ने जनता की कमर तोड़ रखी है और अब अगर इस रिकॉर्ड तोड़ महंगाई को नहीं रोका गया तो जनता भाजपाइयों के घर के बाहर तेल के खाली डिब्बे बजाने लगेगी।"
सपा चीफ ने आगे कहा, "भाजपा सरकार खाद्य सामग्री की लागत-लाभ के अनुपात को तार्किक रूप से जनता के पक्ष में तय कर दे मतलब जनहित में ये फ़ैसला ले कि एक निश्चित प्रतिशत से अधिक कोई भी खाद्य उत्पादक मुनाफ़ा नहीं कमाएगा, लेकिन इसके लिए पहले भाजपा सरकार को ये भी क़सम खानी पड़ेगी कि वो कम-से-कम खाद्य कंपनियों से तो 'भाजपाई चंदा वसूली' नहीं करेगी क्योंकि भाजपा जब कंपनियों से चंदा वसूलती है तब कंपनियां उस चंदा वसूली के पैसों को लागत का हिस्सा मानकर जनता से ही वसूलती हैं।"
महंगाई से लेकर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा
उन्होंने आगे कहा, "हर टैक्स और चंदा आखिरकार जनता से ही वसूला जाता है। इसीलिए 'भाजपाई चंदा', टैक्स के अलावा जनता पर भाजपा की दोहरी मार बनता है और महंगाई का कारण भी। अब तो अर्थशास्त्रियों को विक्रय मूल्य में 'भाजपाई चंदा वसूली' को भी जोड़ने का नया गणितीय फ़ार्मूला बना लेना चाहिए। भाजपा अपनी चंदा वसूली बंद कर दे तो हर वस्तु और सेवा के दाम वैसे ही कम हो जाएंगे।"
अखिलेश यादव ने कहा, "दाम बंदी भाजपा की कारोबारी मानसिकता में दरअसल कभी नहीं रही है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए जनता की भलाई करने वाली नीयत और इच्छाशक्ति जरूरी होती है, जो भ्रष्टाचार के लक्ष्य की पूर्ति के लिए हासिल की गयी भाजपा जैसी मुनाफ़ाख़ोर सत्ता के पास कभी नहीं हो ती है। इसीलिए आयात शुल्क घटे और जनता के लिए वस्तुओं के दाम भी घटें, तब ही ऐसी घोषणाओं का फ़ायदा है। अब देखना ये है कि कुछ दिनों बाद खाद्य तेलों के दाम गिरने की ख़बरें आती भी हैं या नहीं या फिर ग़रीब की थाली से तेल ही गायब हो जाएगा।"
इधर, मध्य प्रदेश के मामले को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने लिखा कि, "अब भाजपा के भ्रष्टाचार के पिटारे से एक और भ्रष्टाचार बाहर आया है। मध्य प्रदेश में एक अनोखा 'साँप घोटाला' सामने आया है जिसमें एक ही व्यक्ति को कई बार मरा दिखाकर करोड़ों का मुआवज़ा सरकारी ख़ज़ाने से निकालकर भ्रष्टाचार का ज़हर फैलाया जा रहा है। भाजपा के काल में आस्तीन के ऐसे साँप ख़ूब फलते-फूलते हैं।"
Created On :   31 May 2025 5:13 PM IST