लोकसभा चुनाव 2024: बॉलीवुड फिल्म स्टार गोविंदा भी रह चुके हैं सांसद, जानिए मुंबई उत्तर लोकसभा सीट का इतिहास

बॉलीवुड फिल्म स्टार गोविंदा भी रह चुके हैं सांसद, जानिए मुंबई उत्तर लोकसभा सीट का इतिहास
  • पिछले 9 में से 7 चुनाव जीत चुकी है बीजेपी
  • फिल्म स्टार गोविंदा भी जीत चुके हैं चुनाव
  • इस बार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल चुनावी मैदान में

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में मुंबई उत्तर लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में चुनाव होंगे। लेकिन, इस सीट पर अभी से ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मुंबई उत्तर संसदीय क्षेत्र में कुल 6 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें बोरीवली, दहिसर, मगाथाने, कांदिवली पूर्व, चारकोप और मलाड पश्चिम सीट का नाम शामिल है। मुंबई उत्तर के राजनीतिक परिदृश्य की बात करें तो यहां पर साल 1952 में पहले आम चुनाव हुए थे। जिसमें कांग्रेस पार्टी के विट्ठल गांधी और नारायण काजरोलकर यहां से पहले सांसद के रूप में चुने गए थे। अभी तक के चुनावी इतिहास के आधार यहां कुल 15 आम चुनाव हुए हैं। जिसमें भाजपा ने 7, कांग्रेस ने 6 और जनता पार्टी ने 2 बार चुनाव जीता। मुंबई उत्तर संसदीय सीट पर हमेशा ही भाजपा का दबदबा देखने को मिला है। पिछले 9 में से 7 चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी है। साल 2004 में बॉलीवुड स्टार गोविंदा ने भी कांग्रेस के टिकट पर यहां जीत हासिल की थी। वर्तमान में बीजेपी से गोपाल शेट्टी यहां से सांसद हैं। आज हम आपको बताएंगे मुंबई उत्तर लोकसभा सीट के चुनावी इतिहास के बारे में।

मुंबई उत्तर लोकसभा सीट का चुनावी इतिहास

आजाद भारत में साल 1952 में मुंबई उत्तर सीट में पहला चुनाव हुआ था। तब यहां से कांग्रेस के दो प्रत्याशी विट्ठल गांधी और नारायण काजरोलकर जीतकर सांसद चुने गए थे। 1957 और 1962 में लगातार कांग्रेस ने चुनाव जीता और वीके कृष्ण मेनन सांसद चुने गए। 1967 में मुंबई निर्वाचन क्षेत्र समाप्त कर दिया गया। जिसके बाद 1967 से 1971 तक यहां चुनाव नहीं हुए।

आपातकाल के बाद बनी जनता पार्टी की सरकार

आपातकाल हटने के बाद साल 1977 में लोकसभा चुनाव हुए। इस चुनाव में मुंबई उत्तर लोकसभा सीट का पुनर्गठन हुआ। आपातकाल के दुष्परिणामों के चलते यहां कांग्रेस को पहली बार हार का मुंह देखना पड़ा। इस बार जनता पार्टी ने चुनाव जीता और मृणाल गोरे सांसद निर्वाचित हुए। तीन साल बाद 1980 में चुनाव फिर लोकसभा चुनाव हुए। चुनावी नतीजों में फिर एक बार जनता पार्टी ने बाजी मारी और रवींद्र वर्मा सांसद निर्वाचित हुए। 1984 के आम चुनाव में कांग्रेस ने वापसी कर ली और अनूपचंद शाह सांसद बने।

राम नाईक के राज में रहा बीजेपी का दबदबा

साल 1989 के आम चुनाव में मुंबई उत्तर की लोकसभा सीट पर बीजेपी ने पहली जीत हासिल की। बीजेपी की तरफ से सांसद प्रत्याशी राम नाईक ने लगातार 5 चुनाव साल 1989, 1991, 1996, 1998, 1999 में जीत हासिल की। इस दौरान यह सीट बीजेपी का गढ़ बन चुकी थी।

बॉलीवुड के स्टार गोविंदा से हारे राम नाईक

लगातार 5 आम चुनाव में मुंबई उत्तर सीट पर बीजपी का विजयी रथ साल 2004 में रुका। जब कांग्रेस ने बड़ा सियासी दांव खेलते हुए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा को चुनावी मैदान में उतारा। चुनावी नतीजों में कांग्रेस प्रत्याशी गोविंदा को जीत मिली और सांसद निर्वाचित हुए। 2009 के आम चुनाव में भी यह सीट कांग्रेस के पास रही और इस बार संजय निरुपम सांसद बने।

मोदी लहर में कांग्रेस सरकार आउट

साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान देशभर में मोदी लहर की गूंज थी। इस बार बीजेपी ने गोपाल शेट्टी को मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा। उनका सामना कांग्रेस नेता संजय निरुपम से था। मोदी लहर के कारण बीजेपी को फायदा हुआ और वह वापसी करने में सफल रही। चुनावी नतीजों में बीजेपी प्रत्याशी गोपाल शेट्टी ने कांग्रेस प्रत्याशी संजय निरुपम को 4 लाख 46 हजार 582 के बड़े वोट गैप से शिकस्त दी। इस दौरान गोपाल शेट्टी को कुल 6 लाख 64 हजार 4 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस नेता संजय निरुपम को मात्र 2 लाख 17 हजार 422 वोट ही मिल सके।

क्या रहा पिछले चुनाव का जनादेश

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से बीजेपी ने गोपाल शेट्टी को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा। वहीं, कांग्रेस ने फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को चुनावी मैदान में उतारा। चुनावी नतीजों में बीजेपी प्रत्याशी गोपाल शेट्टी ने कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला मातोंडकर को 4 लाख 65 हजार 247 वोट से हरा दिया। इस दौरान गोपाल शेट्टी को कुल 7 लाख 6 हजार 678 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला मातोंडकर को मात्र 2 लाख 41 हजार 431 वोट ही मिल सके। खास बात यह रही कि इस चुनाव नोटा का विकल्प चुनने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई और 11 हजार 966 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं किया।

इस बार बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को मैदान में उतारा

आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद बीजेपी ने मुंबई उत्तर सीट से अपना प्रत्याशी बदला है। इस बार बीजेपी ने गोपाल शेट्टी की जगह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने अभी अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। बता दें कि, मुंबई उत्तर लोकसभा सीट का चुनाव पांचवे चरण में होगा।

Created On :   6 April 2024 11:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story