लोकसभा चुनाव 2024: यूपी में 30 लोकसभा सीट पर कांग्रेस का दावा! 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के जरिए भी इन सीटों पर पड़ेगा असर, समझें पार्टी की रणनीति

यूपी में 30 लोकसभा सीट पर कांग्रेस का दावा! भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए भी इन सीटों पर पड़ेगा असर, समझें पार्टी की रणनीति
  • अगले दो महीने बाद देश में होने हैं लोकसभा चुनाव
  • कांग्रेस लगातार यूपी में तैयार कर रही है रणनीति
  • सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा जारी है। मंगलवार को इन दोनों पार्टी के नेताओं के बीच पहले दौर की बातचीत हुई थी। अगले एक दो दिन में कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच दूसरे दौर की बैठक होगी। मंगलवार को हुई मीटिंग के दौरान दोनों दलों के बीच यूपी की महत्वपूर्ण सीटों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि कांग्रेस यूपी में लखनऊ सहित 30 लोकसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है।

समाजवादी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और जावेद अली पार्टी की ओर से सीट बंटबारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। जबकि, कांग्रेस की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने यूपी सीट बंटबारे की पहली मीटिंग में हिस्सा लिया था। बता दें कि, सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने मणिपुर से शुरू होने वाली कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से पहले सीट बंटवारे का फाइनल रूप देने का आग्रह किया था।

एक कांग्रेस नेता ने जानकारी दी है कि यूपी में कांग्रेस ने 30 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की बात कही है। साथ ही, मीटिंग के दौरान सीट शेयरिंग के अलावा गठबंधन को मजबूती देने की भी बात कही गई। ताकि जनता में इसका बेहतर संदेश दिया जा सके। इधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व सीट बंटवारे पर गठबंधन सहयोगियों के साथ बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर पार्टी की ताकत की जांच गहन से की गई है।

यूपी में कांग्रेस की स्थिति

गौरतलब है कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने एक सीट हासिल की थी। इस दौरान कांग्रेस ने राज्य में केवल 6.3% वोट शेयर हासिल किया। 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य में 21 सीटें मिली थीं। इस बार पार्टी की नजर मुस्लिम बहुल इलाके यानी वेस्ट यूपी पर भी है। हाल ही, कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने राज्य में यूपी जोड़ो यात्रा की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य के 11 जिलों और 16 लोकसभा क्षेत्रों को कवर किया। जिसमें मुसलमानों का झुकाव कांग्रेस की ओर देखा गया। जिसका संदेश इंडिया गठबंधन के सहयोगियों को भी चला गया है।

इन सीटों पर कांग्रेस की नजर

कांग्रेस लखनऊ, सीतापुर बदांयू, बलिया, प्रयागराज और आंवला लोकसभा सीटों पर भी दावा कर रही है। इस बात की पुष्टि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने की। उन्होंने यह भी दावा किया कि कानपुर, डुमरियागंज, बाराबंकी, महाराजगंज, प्रतापगढ़, फर्रुखाबाद, झांसी, बरेली, उन्नाव, मोरादाबाद और सुल्तानपुर लोकसभा सीटों पार्टी की मजबूत पकड़ है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा यूपी के 20 जिलों में 11 दिन रहेगी। यह यात्रा चंदौली जिले के माध्यम से होकर यह वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, शाहजहाँपुर, बरेली, रामपुर, मोरादाबाद, मेरठ, अलीगढ, हाथरस, कासगंज, मथुरा और आगरा जिलों से गुजरेगी। एक समय ये सभी लोकसभा सीटें कांग्रेस की गढ़ हुआ करती थी। लेकिन, अभी यहां पर पार्टी का ग्राफ तेजी से गिरता जा रहा है। ऐसे में इस यात्रा से उम्मीद की जा रही है कि पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।

Created On :   11 Jan 2024 6:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story