मध्य प्रदेश चुनाव 2023: बालाघाट और डिंडोरी की चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बोले- नरेगा को स्मारक बनाने की बात करते थे मोदी, कोविड आया तो वही काम आई

बालाघाट और डिंडोरी की चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बोले- नरेगा को स्मारक बनाने की बात करते थे मोदी, कोविड आया तो वही काम आई
खरगे ने पीएम मोदी पर कसा तंज

डिजिटल डेस्क, बालाघाट/डिंडोरी। मोदी जी नरेगा को लेकर मुझसे कहते थे ‘ खरगे, मैं इस योजना को निकालूंगा नहीं (बंद नहीं करूंगा) क्योंकि यह कांग्रेस का जीता जागता स्मारक है।’ लेकिन जब कोविड आया तो यही नरेगा काम आई। जब छोटे-छोटे कारखाने बंद हो गए और लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हुआ तो नरेगा ने ही लोगों को सहारा दिया। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को बालाघाट के कटंगी और डिंडोरी के शहपुरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। श्री खरगे का चुनावी दौरा बालाघाट जिले से शुरू हुआ। वे कटंगी के सरकारी अस्पताल मैदान स्थित सभा स्थल पर करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचे। उन्होंने नरेगा को कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने सस्ते अनाज की योजना लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि, यह उनकी (भाजपा की) योजना नहीं है। यह योजना कांग्रेस सरकार लेकर आई थी। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और राजीव गांधी ने देश के लिए जो किया उसे तो ये बताते नहीं, उल्टे उन्हें गाली देते फिरते है। उनके अच्छे काम भी बताएं। पूरा देश जानता है कि, मोबाइल ओर कंप्यूटर राजीव लेकर आए थे।

अदानी-अंबानी का पेट भर रहे

श्री खरगे ने कहा कि गरीबों को सस्ता और मुफ्त अनाज देने का काम कांग्रेस ने किया। हरित क्रांति कांग्रेस लेकर आई। जब यह यशस्वी हुई तो मुफ्त अनाज की व्यवस्था की गई। कांग्रेस ने गरीबों का पेट भरा है और भाजपा के लोग अदानी-अंबानी का पेट भर रहे हैं।

शिवराज सिंह पर भी कसा तंज

श्री खरगे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा, वह (सीएम) गरीब महिला को बगल में लेकर आशीर्वाद देते दिख रहे हैं और वह रोती हुई दिख रही है। 18 साल से उनकी ही सरकार है। ऐसा क्या किया जो रोने जैसा कर दिया। उसका कारण कौन है, तुम ही हो। चार बार चुनकर आए और गरीबों की तरफ अब देख रहे हो। 18 साल में राज्य नहीं सुधार पाए तो देश क्या सुधारोगे।

मुंह में राम, बगल में छुरी

डिंडोरी जिले के शहपुरा में आदिवासियों के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए खरगे ने कहा, आदिवासियों को लेकर इनकी स्थिति मुंह में राम और बगल में छुरी जैसी है। राष्ट्रपति मुर्मू आदिवासी हैं इसलिए उन्हें संसद के उद्घाटन से दूर रखा गया। आज भाजपा यहां पर 18 साल से काबिज है, लेकिन दलितों व आदिवासियों के लिए कुछ नहंी किया। संविधान के तहत जो मिलना है वह नहीं दिया। भाजपा सिर्फ वादे करती है, वादे कभी नहीं निभाती। खरगे ने उदाहरण बताते हुए कहा, मोदी ने कहा था कि मै हर साल दो करोड़ नौकरियां दूंगा, लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली। किसानों की आमदनी दोगुना करने की बात कही, नहीं किया। झूठ के ऊपर झूठ। मोदी जी हमेशा ऐसा ही करते है और दोष देते है कांग्रेस को।

पैसे दो काम लो : कमलनाथ

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि, 50 एकड़ जमीन है। पैसे दो गरीबी रेखा में नाम लिखा लो। भ्रष्ट प्रदेश। घोटाला प्रदेश। 18 साल में स्वास्थ्य ,शिक्षा और रोजगार व्यवस्था चौपट कर दी। बाद आज बहनें और कर्मचारी याद आने लगे। हम ने जो वचन दिया है उसे पूरा करेंगे। हम चाहते हैं परिवार की क्रय शक्ति बढ़े। किसानों के साथ न्याय हो। आपने सरकार बनाई थी, 15 महीने बाद सौदा हुआ था, मैं भी कर सकता था। लेकिन मैंने इस बात से इंकार कर दिया। हमने जो कहा, उसे पूरा किया। किसानों का कर्ज माफ किया। बालाघाट के 85 हजार किसानों का कर्ज माफ किया।फिर से करेंगे।

Created On :   4 Nov 2023 5:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story