महाराष्ट्र पॉलिटिक्स: क्या महायुति में आ गई दरार! एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे पर कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के बयान ने बढ़ाई सरगर्मी

क्या महायुति में आ गई दरार! एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे पर कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के बयान ने बढ़ाई सरगर्मी
महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने अपने बयान से हलचल तेज कर दी। दरअसल, हाल ही में उन्होंने डिप्टी सीएम और शिवसेना के चीफ एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर बड़ा दावा किया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने अपने बयान से हलचल तेज कर दी। दरअसल, हाल ही में उन्होंने डिप्टी सीएम और शिवसेना के चीफ एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर बड़ा दावा किया है। नाना पटोले ने मीडिया से बातचीत के दौरान दावा किया कि महाराष्ट्र में कुछ बड़ा खेला होने वाला है। पटोले ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बीजेपी देवेंद्र फडणवीस को हटाकर एकनाथ शिंदे को सीएम बनाएगी लेकिन जो हालात दिख रहे हैं, उससे लगता है कि कुछ बड़ा होने वाला है।

एकनाथ शिंदे को लेकर नाना पटोले का बड़ा दावा

मुंबई में नाना पटोले ने कहा, "शिंदे साहब की खुद की हालत खराब है। क्या परिस्थिति बीजेपी ने बनाकर रखी है, वो शिंदे साहब के रहन-सहन से सबको पता चल रहा है। उनके मंत्री और विधायकों को भी पता चल रहा है। महाराष्ट्र में गैस की दिक्कत चालू हो गई है, लोगों की रोजमर्रा की चीजें नहीं मिल रही हैं, उद्योग बंद हो गए हैं। सरकार मीडिया को भी धमका रही है। ये जो परिस्थियां बनी हैं, उस तरफ शिंदे साहब को ध्यान देना चाहिए।"

इसके अलावा कांग्रेस नेता ने ये भी कहा, "फडणवीस मेरे ऊपर अत्याचार करता है, ये बातें दिल्ली में बताकर कुछ नहीं होने वाला है। मुझे नहीं लगता कि फडणवीस को हटाकर शिंदे को मुख्यमंत्री बीजेपी को बनाएगी। जिस तरह से बर्ताव चल रहा है, कुछ बड़ा खेला होने वाला है। कुछ बड़ा खेला होने की संभावना है।"

दिल्ली पहुंचे एकनाथ शिंदे

बता दें, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के अन्य सांसद के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दिल्ली दौरे को लेकर एकनाथ शिंदे ने कहा कि जब संसद का सत्र चल रहा होता है तो वो दिल्ली आते रहते हैं। वहीं उद्धव ठाकरे गुट ने निशाना साधते हुए कहा था कि शिंदे की शिवसेना के संस्थापक अमित शाह हैं, इसलिए वो आदेश लेने दिल्ली आते रहते हैं।

Created On :   18 March 2026 6:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story