हिमाचल प्रदेश सियासत: CM सुक्खू पर जयराम ठाकुर का तीखा हमला, कहा - 'आपदा पीड़ितों को भूल जश्न में डूबे मुख्यमंत्री'

CM सुक्खू पर जयराम ठाकुर का तीखा हमला, कहा - आपदा पीड़ितों को भूल जश्न में डूबे मुख्यमंत्री
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सुक्खू सरकार आपदा पीड़ितों के प्रति गंभीर नहीं है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सुक्खू सरकार आपदा पीड़ितों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंडी में जश्न मनाने की बजाय पंडोह के कुकलाह जाकर ज़मीनी हकीकत देखें, जहां पांच महीने बाद भी लोग मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं।

सीएम सुक्खू पर जयराम ठाकुर का हमला

दरअसल, जयराम ठाकुर मंगलवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के कुकलाह में दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर जनता का दर्द आंखों से देखना है तो मंडी पड्डल मैदान रैली स्थल से मात्र 20 किलोमीटर दूर पंडोह के कुकलाह जाकर आएं।"

जयराम ठाकुर ने कहा कि 29 जून की रात बाखली खड्ड में बाढ़ आने के बाद कुकलाह का सड़क मार्ग और पुल बह गए थे। आपदा के पांच महीने बाद भी यहां एक वैली ब्रिज तक सरकार बना नहीं पाई है। इसके चलते मध्य सराज की 15 पंचायतों के लोगों को आज भी पीठ पर सामान लादकर अपने दुर्गम गाँवों तक पहुंचना पड़ रहा है।

सुक्खू सरकार के मंत्रियों को निशाने पर लेते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वे डींगें तो बड़ी-बड़ी हांकते हैं लेकिन उन्हें जमीनी हकीकत की कोई जानकारी नहीं होती। ठाकुर ने सवाल किया कि आखिर मंडी में यह सरकार किस बात का जश्न मनाने आ रही है? क्या इस बात का कि आपदा पीड़ितों के जख्मों पर अभी भी मरहम नहीं लगा पाई है।

आपदा पीड़ितों की अनदेखी करने का लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साथ लगते बंजार और कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के उन इलाकों में भी नहीं पहुँच पाए हैं जहाँ आपदा से पूरे के पूरे गाँव तबाह हुए हैं (जैसे लारजी का सारी, सैंज का मातला, बंजार का बांदल)। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के पास जनता का दुखदर्द सुनने का समय नहीं है, लेकिन जश्न मनाने के लिए करोड़ों रुपए फूंके जा रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जब जश्न को लेकर सवाल उठाए तो अब इस कार्यक्रम का नाम बदलकर 'जनसंकल्प सम्मेलन' कर दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह मंडी रैली में अपनी उन गारंटियों पर भी जनता के बीच बात रखें जिनके सहारे वे सत्ता में आए थे और अब पूरा न कर पाने पर मुंह छिपाते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन गांवों का ही दौरा करते तो हम मानते कि आप आपदा को लेकर गंभीर थे। हालात अभी भी जस के तस हैं।

Created On :   9 Dec 2025 9:10 PM IST

Tags

Next Story