पश्चिम बंगाल न्यूज: 'अगर सर्दियां आ गई हैं तो वसंत दूर कैसे हो सकता है', नेता प्रतिपक्ष पद जाने के बाद ऋतब्रत बनर्जी की पहली टिप्पणी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले के बाद बागी तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि कोर्ट ने स्पीकर के फैसले को रद्द कर दिया है और वापस उन्हीं के पास भेज दिया है। इसमें कोई भी असामान्य बात नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी गुट के नेता कल्याण बनर्जी पर तंज कसा है। इस दौरान उन्होंने परिसीमन विधेयक का भी जिक्र किया है।
यह भी पढ़े -ऋतब्रत बनर्जी से छिना नेता प्रतिपक्ष का पद, TMC नेता शोभनदेव की याचिका पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
कोर्ट के फैसले पर ऋतब्रत की टिप्पणी
ऋतब्रत बनर्जी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने एक आदेश दिया है। स्पीकर के फैसले को रद्द कर दिया है और मामले को वापस उनके पास भेज दिया है, ताकि वे 10 दिनों के भीतर इस पर फिर से निर्णय ले सकें। इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है, क्योंकि जब शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने इस नियुक्ति को चुनौती देते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, तब 3 जून को TMC के भीतर कोई विवाद नहीं था। 22 जून को, AITC ने अरूप रॉय को अपना अध्यक्ष चुना और फिर यह मामला चुनाव आयोग के पास पहुंच गया। चुनाव आयोग का कहना है कि अब एक विवाद है। एक तरफ अरूप रॉय के नेतृत्व वाला DTMC है, तो दूसरी तरफ डॉ. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला MAITC है। जब भी स्पीकर हमें बुलाएंगे, हम अपने समर्थन में विधायकों के बहुमत के साथ उनके सामने पेश होंगे।"
कल्याण बनर्जी को लेकर क्या बोले?
बागी TMC नेता ने कल्याण बनर्जी को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि कल्याण बनर्जी थोड़े निराश हैं क्योंकि वह परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) पर वोट नहीं दे सकते। वह एक निलंबित सांसद हैं, इसलिए वह इस विधेयक पर मतदान नहीं कर सकते। शायद यही निराशा बाहर आ रही है... चलिए 10 दिनों का इंतजार करते हैं। हम स्पीकर के सामने पेश होंगे। अगर वसंत आता है, तो कल्याण ने कहा है कि हमारे लिए सर्दियां आ गई हैं। अगर सर्दियां आ गई हैं, तो क्या वसंत दूर हो सकता है?"
अदालत का क्या है फैसला?
कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को एक फैसला दिया है, जिसमें स्पीकर के 3 जून को जारी किए गए आदेश को निरस्त कर दिया है। इसमें उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया था। लेकिन अब कोर्ट के फैसले के बाद उनका पद समाप्त हो गया है। इस मामले में अब स्पीकर को 10 दिनों के भीतर फैसला लेने का निर्देश जारी किया गया है।
Created On :  


