पंजाब हरियाणा जल विवाद: जल विवाद पर सीएम नायब सिंह सैनी के बयान पर आप के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने साधा निशाना, कहा- 'राजनीतिक पार्टियां इसमें चुनावी रोटियां सेंकती हैं'

जल विवाद पर सीएम नायब सिंह सैनी के बयान पर आप के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने साधा निशाना, कहा- राजनीतिक पार्टियां इसमें चुनावी रोटियां सेंकती हैं
  • पंजाब हरियाणा में जल विवाद का सिलसिला जारी
  • नायब सिंह सैनी ने दिया था बयान
  • नायब सिंह सैनी पर आप के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब और हरियाणा के बीच जल बंटवारे को लेकर काफी ज्यादा विवाद चल रहा है। बता दें, ये विवाद भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड से जुड़े हुए फैसलों को लेकर हुआ है। शनिवार को चंडीगढ़ में सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई थी। उस बैठक में उन्होंने बयान दिया था जिसको लेकर आम आदमी पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है।

क्या कहा सुशील गुप्ता ने?

आम आदमी पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने पंजाब-हरियाणा जल विवाद पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के बयान पर कहा कि, "हरियाणा और पंजाब के बीच पिछले 50 सालों से जल विवाद चल रहा है। ये राजनीतिक पार्टियां इसमें चुनावी रोटियां सेंकती हैं। समस्या का हल करना इनकी नीयत में नहीं है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों पार्टियों की केंद्र में, पंजाब में और हरियाणा में एक ही समय पर सरकार रह चुकी है लेकिन इन्होंने हल नहीं निकाला। पानी का बंटवारा करना, पानी को उपलब्ध करवाना देश के प्रधानमंत्री का काम है। जब आतंकवादियों ने पहलगाम में निहत्थे सैलानियों की हत्या कर दी तब जाकर केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि तोड़ने की घोषणा की। वह पानी कहां जा रहा है? वह पानी हरियाणा को दे दिया जाए। भाजपा और कांग्रेस के लोग पंजाब में कहते हैं कि पानी का एक बूंद नहीं देंगे और हरियाणा में कहते हैं कि पानी लेकर रहेंगे।

नायब सिंह सैनी ने क्या कहा था?

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा था कि, बीबीएमबी के निर्देशों का पालन ना करना सिर्फ असंवैधानिक है बल्कि संविधान के संघीय ढांचे पर सीधा हमला भी है। इसके अलावा पीटीआई के मुताबिक, नायब सिंह सैनी ने आरोप भी लगाए थे कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की ये कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। जो कि दिल्ली में आप की हार के बाद ही सामने नजर आई है।

Created On :   4 May 2025 3:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story