लोकसभा चुनाव 2024: बेगुसराय से टिकट न मिलने पर क्या बोले कन्हैया कुमार? दिल्ली से चुनाव लड़ने की अटकलों पर दी ये प्रतिक्रिया

बेगुसराय से टिकट न मिलने  पर क्या बोले कन्हैया कुमार? दिल्ली से चुनाव लड़ने की अटकलों पर दी ये प्रतिक्रिया
  • बेगुसराय से पिछला चुनाव लड़े थे कन्हैया कुमार
  • इस बार दिल्ली की लोकसभा सीट से टिकट मिलने की अटकलें
  • बीजेपी सांसद मनोज तिवारी को दे सकते हैं टक्कर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखें फाइनल हो चुकी हैं। 19 अप्रैल से इस सियासी महाकुंभ का आरंभ हो रहा है जो कि 1 जून तक चलेगा। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सत्ता और विपक्ष के सभी दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की टिकट पर कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस सीट से बीजेपी अपने मौजूदा सांसद मनोज तिवारी को तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। यदि यहां से कांग्रेस कन्हैया कुमार को टिकट देती है तो फिर मुकाबला दो बिहारियों के बीच देखने को मिलेगा।

इन सब के बीच कन्हैया कुमार ने बेगुसराय से दोबारा टिकट मिलने और दिल्ली से चुनाव लड़ने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। दरअसल, कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार ने साल 2019 का चुनाव बिहार की बेगुसराय लोकसभा सीट से लेफ्ट के टिकट पर लड़ा था। हालांकि बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह से वह चुनाव हार गए थे। कुछ समय पहले अटकलें लगाई जा रहीं थी कि कन्हैया इस बार भी बेगुसराय सीट से ही दोबारा चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे के तहत यह सीट सीपीआई के खाते में चली गई।

कन्हैया से जब मीडिया ने इसे लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति उस रास्ते पर दोबारा नहीं चलना चाहता जिस पर वह पहले चल चुका है। उन्होंने कहा, ''जब मैं पहली बार दिल्ली आया तो मैं नर्वस था। इसलिए अनजान होना का भय हमेशा रहता है। आपके अपने पैतृक स्थान से आपका भावनात्मक जुड़ाव रहता है और आप सहज महसूस करते हैं। लेकिन जहां तक राजनीति के मैदान की बात है, तो खुद को एक जगह तक सीमित नहीं देखता।''

मेरे लिए 543 सीटें एकसमान - कन्हैया

कन्हैया कुमार ने दिल्ली से चुनाव लड़ने पर कहा कि वह राजनीति में वजहों और मुद्दों के लिए आए हैं। पार्टी ने मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहा तो मेरे लिए देश की सभी 543 लोकसभा सीटें एक जैसी हैं। बता दें कि काफी दिनों से अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस पार्टी कन्हैया कुमार को दिल्ली की उत्तर-पूर्वी सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है।

बता दें कि दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही हैं। सीटों के समझौते के तहत कांग्रेस तीन जबकि आप 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक अपने तीनों प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

परिवारवाद को लेकर कही ये बात

कन्हैया से जब कांग्रेस पर लगाए जाने वाले परिवारवाद के आरोपों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह आरोप केवल कांग्रेस पर ही क्यों लगता है। उन्होंने कहा कि यह आरोप केवल कांग्रेस या नेहरू-गांधी परिवार तक ही क्यों सीमित रहता है। दूसरी पार्टियों में भी परिवारवाद है। जिस वक्त ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस पार्टी में थे तो वे परिवारवादी थे और जैसे ही वो बीजेपी में शामिल हुए राष्ट्रवादी बन गए।

Created On :   6 April 2024 12:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story