शब्द पर सियासत: केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को गद्दार बोलना अनुचित, ये सिख समाज का अपमान है, NDA नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को गद्दार बोलना अनुचित, ये सिख समाज का अपमान है, NDA नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी नेताओं ने कहा कांग्रेस ने ही सिख समाज को बदनाम किया, सिख समाज ने इस देश की रक्षा की है, उनके पूर्वजों ने जो कुर्बानी दी, जो एक मिशाल है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को बोले गए अपशब्द पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के लिए गद्दार शब्द के इस्तेमाल पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा राहुल गांधी ने जो कहा है वो बहुत आपत्तिजनक है। उनको गद्दार बोलना ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने कल राज्यसभा में बताया कि यह रवनीत सिंह बिट्टू का अपमान नहीं है, यह सिख समाज का अपमान है। मुझे लगता है कि इस तरह का रवैया ठीक नहीं है और हम राहुल गांधी के बयान का विरोध करते हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही आपत्ति दर्ज की है। यह रवनीत सिंह बिट्टू का नहीं बल्कि पूरे सिख समाज का भी अपमान है, उनके पूर्वजों ने देश के लिए कुर्बानी दी थी।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा राहुल गांधी को कल सबने बालक कहा। आज सुबह से प्रधानमंत्री की पाठशाला चल रही है, जिसमें बच्चों को बता रहे हैं कि कैसे कामयाब होना है। अगर राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री की पाठशाला में चले जाएं तो राहुल गांधी भी जिंदगी में कामयाब हो जाएं।

बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मानसिकता है कि वो पूरी कांग्रेस पार्टी को अपना गुलाम समझते हैं, उन्होंने जिस शब्द का प्रयोग किया, वो बहुत शर्मनाक है। राहुल ने पूरे सिख समुदाय की बात कही है।

बीजेपी सांसद शशांक मणि ने कहा 1984 से कांग्रेस ने सिख समुदाय को नजरअंदाज किया है। राहुल गांधी को केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू से माफी मांगनी चाहिए।

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उसने सदैव सिखों से नफरत की है। कांग्रेस ने ही सिख समाज को बदनाम किया, जबकि सिख समाज ने इस देश की रक्षा की है, उनके पूर्वजों ने जो कुर्बानी दी है, वो एक मिसाल है, किसी सरदार या सिख के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल करना सीधे सिखों का अपमान करना है। देश इसको कतई स्वीकार नहीं करेगा।

Created On :   6 Feb 2026 3:34 PM IST

Tags

Next Story