उत्तरप्रदेश सियासत: 'मेरी मां आप लोगों को बीच से फाड़ देंगी', सपा पर BJP विधायक केतकी सिंह की बेटी ने बोला तीखा हमला

मेरी मां आप लोगों को बीच से फाड़ देंगी, सपा पर BJP विधायक केतकी सिंह की बेटी ने बोला तीखा हमला

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के बलिया के बांसडीह सीट से विधायक और भाजपा नेता केतकी सिंह ने बुधवार को सपा चीफ अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। केतकी सिंह के बयान पर सपा की महिला कार्यकर्ताओं ने विधायक की गैर उपस्थिति में केतकी सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इसे लेकर केतकी सिंह की बेटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

    सपा पर भड़की बीजेपी विधायक की बेटी

    इस संबंध में विधायक केतकी सिंह की बेटी ने वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा, "आज मेरे घर के सामने बहुत भीड़ आई थी और नारेबाजी कर रही थी क्योंकि मेरी मां ने कल एक बयान अखिलेश यादव को लेकर दिया था। इन लोगों को लगता है कि वे एक 16 साल की लड़की को डराकर राजनीति कर लेंगे। अगर यही इन लोगों को सरकार में सिखाया गया है तो यह गलत है।"

    केतकी सिंह बेटी ने तीखे लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि, आप लोग जितना मेरे को डराएंगे, मुझे कुछ नहीं होगा. साथ ही प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी कि, "अगर आप लोग मेरे ऊपर उंगली भी उठाएंगे तो मां उन लोगों को बीच से फाड़ देंगी।"

    अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

    केतकी सिंह की बेटी ने आगे कहा, "प्रदर्शनकारियों से आप लोग मेरे को कुछ न बोलें, अगर आप लोगों को बोलना है तो बलिया जाएं वहां मेरी मां है। वहां जाकर बोले तो ठोड़ा ठीक भी लगता है। 16 साल की अकेली बच्ची को डराना कहीं की राजनीति नहीं है। मैं नहीं डरुंगी।"

    इतना ही नहीं, बल्कि विधायक केतकी सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि इन समाजवादियों में शर्म नहीं है। इतना बेइज्जत होने के बाद कम-से-कम टोटी लौटाने की बात तो अपने मुंह से कह सकें। केतकी सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव हर किसी से हिसाब मांगते रहते हैं, लेकिन अपनी टोटियों का कभी हिसाब नहीं दिया। टोटियां उठाकर जो ले गए हो साहब, वो यूपी की जनता को वापस करो। जनता खोज रही है। उसके बाद जिन-जिन चीजों का हिसाब आप मांग रहे हैं, दे दिया जाएगा।

    Created On :   3 Sept 2025 10:46 PM IST

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story