पंजाब विधानसभा उपचुनाव 2025: 'राज्यसभा की सीट पाने के लिए सांसद को उपचुनाव में उतार रहे..', अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, लुधियाना। 'आप' विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट जनवरी में खाली हो गई थी, जिस पर उपचुनाव होना है। यहां से बीजेपी के उम्मीदवार जीवन गुप्ता के पक्ष में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजनक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल राज्यसभा की सीट पाने के लिए एक सांसद को विधानसभा उपचुनाव में उतार रहे हैं।
आप के कुशासन से त्रस्त हुई जनता
भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रोड शो की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "आम आदमी पार्टी के कुशासन से आज पंजाब की जनता पूरी तरह त्रस्त हो गई है। पंजाब की 'आप' सरकार सत्ता में आने से पहले किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। राज्य में विकास कार्य थम गए हैं और सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के जो वादे किए थे, वे सब अधूरे रह गए हैं। लुधियाना उपचुनाव में मतदाताओं के पास सरकार को जवाब देने और उसकी नाकामियों पर सबक सिखाने का अवसर है।"
उन्होंने आगे कहा, प्रदेश की 'आप' सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "तीन साल के दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। महिलाओं को राशि देने की गारंटी हो या पंजाब को नशा मुक्त कराने की बात, पंजाब सरकार ने कुछ नहीं किया।"
AAP के पास उम्मीदवार बनाने लायक नेता नहीं
अनुराग ठाकुर ने कहा, "राज्यसभा सदस्य को उपचुनाव लड़ाया जा रहा है। इससे साफ साबित होता है कि अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजने की तैयारी है।" उन्होंने आगे कहा, "सरकार सारे मामलों में विफल रही है और अब मौका है कि इस बार जीवन गुप्ता को विधानसभा में भेजा जाए ताकि 2027 की नींव रखी जा सके।" उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा, " 'आप' सरकार ने 3.5 लाख करोड़ रुपए के कर्ज में से 4.5 लाख करोड़ का कर्ज ले लिया है और सरकार पर एक लाख करोड़ का और कर्ज बढ़ गया है। पार्टी के पास पंजाब में कोई ऐसा नेता नहीं है जिसे उम्मीदवार बनाया जा सके।"
Created On :   16 Jun 2025 11:12 PM IST













