विपक्षी एकता: केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ महारैली का ऐलान, 31 मार्च को रामलीला मैदान में एकजुट होंगे विपक्षी दल

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ महारैली का ऐलान, 31 मार्च को रामलीला मैदान में एकजुट होंगे विपक्षी दल
  • दिल्ली में आप और कांग्रेस नेताओं की ज्वाइंट पीसी
  • केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ महारैली का ऐलान
  • 31 मार्च को रामलीला मैदान में एकजुट होगा विपक्ष

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्षी पार्टियां केजरीवाल के गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक मेगा रैली करने का ऐलान किया है। विपक्षी दल इस रैली में केंद्र सरकार के खिलाफ एकजुट होंगे। दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जाएगी। विपक्षी दलों ने केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 31 मार्च को महारैली करने का ऐलान किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आप नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

'विपक्ष को खत्म करने के लिए एजेंसी का इस्तेमाल'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्षी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर विपक्ष को खत्म करने के लिए सरकारी एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा, "देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री एजेंसी का इस्तेमाल करके, विधायक खरीदकर, विपक्ष को खरीदकर, फर्जी मुकदमे कर गिरफ्तारी की साजिश हो रही है। झारखण्ड के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया। पश्चिम बंगाल से लेकर बिहार तक इंडिया गठबंधन के नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर चुप कराने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली और देश में प्रदर्शन जारी हैं। आगामी दिनों में प्रदर्शन जारी रहेंगे।"

'ये सिर्फ अरविंद केजरीवाल की बात नहीं है...'

ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने कहा, "देश के अंदर जिस तरह प्रधानमंत्री तानाशाही रवैया अपनाते हुए देश में लोकतंत्र की हत्या कर दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है, उससे देश में संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले लोगों के दिलों में आक्रोश है। ये सिर्फ अरविंद केजरीवाल की बात नहीं है।"

आप नेता गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों के बड़े नेता 31 मार्च को रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा, "राहुल गांधी ने देशभर में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई छेड़ी है तो कांग्रेस पार्टी कैसे पीछे रहेगी। मजबूती के साथ इस लड़ाई में खड़े हैं। भारतवासियों के लिए तकलीफ की बात है। देश के नौजवानों से अपील है कि इस लड़ाई से जुड़ें। अरविंदर सिंह ने चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री के गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाया।

Created On :   24 March 2024 9:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story