Mallikarjun Kharge Dinner: खरगे के डिनर में AAP सांसद संदीप पाठक ने की शिरकत, कहा - 'INDIA का हिस्सा नहीं AAP, इलेक्टोरल गड़बड़ी के मुद्दे पर साथ'

खरगे के डिनर में AAP सांसद संदीप पाठक ने की शिरकत, कहा -  INDIA का हिस्सा नहीं AAP, इलेक्टोरल गड़बड़ी के मुद्दे पर साथ
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडी गठबंधन के सांसदों के लिए आयोजित किया डिनर
  • आप के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने हुई शामिल
  • इंडिया गठबंधन में शामिल होने पर साफ किया पार्टी का रुख

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के सांसदों के लिए डिनर का आयोजन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने शिरकत की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ करते हुए कहा कि हम इंडिया गठबंधन से अलग हैं लेकिन वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के मुद्दे पर हम साथ हैं। उन्होंने कहा कि आज का डिनर विपक्ष के सभी सांसदों के लिए था। ये केवल इंडिया गठबंधन के लिए नहीं था।

खरगे के डिनर में शामिल हुए आप सांसद संदीप पाठक

संदीप पाठक ने आगे कहा, "दिल्ली के चुनाव में भी हमने इलेक्टोरल रोल में गड़बड़ी के मुद्दे को बार बार बताया। हमने ये पहले ही समझ लिया था कि जो खेल है वो इलेक्टोरल रोल में है। इसमें जो वोटर जोड़े जाते हैं, वोटर्स जो काटे जाते हैं, एक-एक वोटर के कई वोटर लिस्ट में नाम होते हैं। ये सारे जो मुद्दे हैं वो काफी बड़ा है।"

क्या मतभेद भुलाकर फिर साथ आएंगे, इस सवाल के जवाब में संदीप पाठक ने कहा, "हमारे लिए देश महत्वपूर्ण है। देश के लिए जो मुद्दा महत्वपूर्ण है, उन सारे मुद्दों पर हम साथ आएंगे। हमें जो लगेगा कि देश की जनता के लिए जो मुद्दा सही नहीं है, उस पर हम अलग रहेंगे।"

आप सांसद संजय सिंह ने भी की शिरकत

इसके अलावा मल्लिकार्जुन खरगे के डिनर में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "हम एसआईआर के मुद्दे पर साथ हैं। सारी विपक्षी पार्टियां साथ हैं। एसआईआऱ के मुद्दे से पूरा देश इस समय प्रभावित है। लोग ये मान रहे हैं कि देश का चुनाव और राज्यों का चुनाव जिसमें दिल्ली का चुनाव भी शामिल है, घोटाले के जरिए जीता गया है।"

संजय सिंह ने कहा कि आज भोज का कार्यक्रम था। आप और कांग्रेस के मतभेद के सवाल पर उन्होंने कहा कि एसआईआर का मुद्दा इस समय देश का मुद्दा है। लोगों का मुद्दा है। एक-एक आदमी इससे प्रभावित हो रहा है। आज बिहार का चुनाव खत्म हो चुका है, औपचारिकता मात्र बची है।

Created On :   12 Aug 2025 1:46 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story