बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA में सीट शेयरिंग को लेकर अटका पेंच? जिद पर अड़े चिराग! मिलने पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल बढ़ती जा रही है। चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद माहौल और गरमा गया है। पटना से लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक मीटिंग का दौर जारी है। सीट बंटवारे को लेकर भी काफी सस्पेंस बना हुआ है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन रेस में आगे है। बताया जा रहा है कि चिराग पासवान 40 से 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहते हैं। दूसरी ओर सूत्रों का कहना है कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है बस मुख्यमंत्री फेस को लेकर खींच-तान जारी है। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान के दिल्ली स्थित आवास पर अहम बैठक जारी है।
बैठक में कौन-कौन शामिल?
चुनावी हलचल के बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, चिराग पासवान से मिलने उनके घर पहुंचे और बैठक की। इस मीटिंग में बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार मंत्री और बीजेपी नेता मंगल पांडे ने भी हिस्सा लिया।
कांग्रेस नेता ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के बाद से ही तैयारी शुरू कर दी थी, हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर राज्य के सभी नेताओं ने, राहुल गांधी ने दो हफ्ते तक SIR के खिलाफ दौरा किया, प्रियंका गांधी ने दौरा किया, CWC की बैठक हुई। हम पहले से ही तैयार थे, अच्छी तारीख आ गई है, सभी त्योहारों के बाद चुनाव होंगे, किसी को कोई समस्या नहीं होगी। सीट शेयरिंग लगभग हो चुकी है। सीएम के चेहरे को लेकर भी कोई मुद्दा नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने किया चुनाव आयोग का धन्यवाद
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि चुनाव आयोग का हृदय से धन्यवाद कि लोक आस्था के महापर्व के बाद बिहार को लोकतंत्र का महापर्व मनाने का अवसर मिल रहा है। (सीटों के बंटवारे को लेकर) कोई झंझट नहीं है, अनुभवी और समझदार लोग हैं, सभी सेवा भाव से काम कर रहे हैं। कोई दिक्कत नहीं है। हम प्रगति करते हैं, वे (विपक्ष) दुष्प्रचार करते हैं, यही अंतर है।
Created On :   7 Oct 2025 2:16 PM IST