मप्र में फिर शिव'राज' सरकार: शिवराज के 3 मंत्री इमरती, दंडोतिया और कंसाना हारे, कांग्रेस 8 तो भाजपा 19 ने सीटें जीती

madhya Pradesh By-election Results 2020 Live Updates: Mp By Poll Results 2020 Latest News In Hindi
मप्र में फिर शिव'राज' सरकार: शिवराज के 3 मंत्री इमरती, दंडोतिया और कंसाना हारे, कांग्रेस 8 तो भाजपा 19 ने सीटें जीती
मप्र में फिर शिव'राज' सरकार: शिवराज के 3 मंत्री इमरती, दंडोतिया और कंसाना हारे, कांग्रेस 8 तो भाजपा 19 ने सीटें जीती

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में हुए 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए नतीजे आना शुरू हो गए हैं। भाजपा को बढ़त जारी है, जो 19 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है वहीं, कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत हासिल हुई है। एक सीट का नतीजे आना अभी बाकी है। इस शानदार जीत को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने भी बधाई दी है। यह साफ हो गया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। 

गौरतलब है कि मार्च महीने में ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, उसके बाद तीन और विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। वहीं तीन मौजूदा विधायकों के निधन से तीन सीटें खाली हुई थीं। उधर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें (दिग्विजय को) सच्चाई स्वीकार नहीं है। दूसरी ओर, इंदौर में फर्जी मतगणना का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। परिणामों से उत्साहित मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि भले ही मेरी जान चली जाए लेकिन जनता का विश्वास नहीं टूटने दूंगा। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उपचुनावों के परिणामों ने बता दिया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गद्दार हैं।

करेरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत
करेरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी परागीलाल जाटव ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी जसमंत सिंह छित्री को 30,641 मतों के अंतर से हराया। परागीलाल को 95,468 वोट मिले वहीं जसमंत को 64,876 मत मिले।

सांवेर विधानसभा सीट से सिलावट जीते
सांवेर विधानसभा सीट से तुलसीराम सिलावट ने जीत हासिल कर ली है। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की यह 19वीं सीट पर जीत है। सिलावट शुरुआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के मुकाबले बढ़त बनाए हुए थे। सिलावट, ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और मार्च में सिंधिया के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे।

मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस के राकेश मवई को जीत
मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राकेश मवई ने 5751 वोट के अंतर से जीत हासिल की है। मवई ने 52,550 वोट हासिल किए। कांग्रेस की यह राज्य की सातवीं सीट पर जीत है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी को 46,909 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे बसपा के रामप्रकाश राजौरिया को 42,388 वोट मिले। इसके साथ ही बसपा का खाता भी नहीं खुल सका। यही एकमात्र सीट थी, जिसपर मतगणना के शुरुआती दौर में बसपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई थी।

महगांव विधानसभा सीट पर भाजपा के ओपीएस भदौरिया जीते
महगांव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ओपीएस भदौरिया ने जीत हासिल की है। उनके सामने कांग्रेस की ओर से हेमंत सत्यदेव कटरे और बसपा की ओर से योगेश मेघसिंह नरवरिया उम्मीदवार थे। इस जीत के साथ ही भाजपा के खाते में 28 में से 18 सीटें आ गई हैं। वहीं कांग्रेस को अभी तक छह सीटों पर जीत मिली है। 

भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को मिली हार 
राज्य में उपचुनाव के दौरान खासी चर्चा में रहीं भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा विधानसभा से चुनावी मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश राजे के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस को अब तक छह सीटों पर जीत मिल गई है। बता दें कि इमरती देवी तब चर्चा में आई थीं जब कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक कार्यक्रम में उन्हें "आइटम" कह दिया था।

सुमौली विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अजब सिंह जीते
राज्य की सुमौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार में मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को 10947 वोट के अंतर से मात दी। मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया, हालांकि, कुशवाह ने बढ़त बनाए रखी थी।

सिद्ध हुआ कि कमलनाथ और दिग्विजय गद्दार हैं: सिंधिया
उपचुनाव के परिणामों को लेकर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। मैं राज्य की जनता के प्रति आभारी हूं कि उन्होंने पार्टी के पक्ष में स्पष्ट समर्थन दिया। परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गद्दार हैं। सिधिया ने कहा, ईवीएम पर सवाल उठाकर जनादेश को अस्वीकार करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। अगर वह ऐसा ही करते रहेंगे तो वह वहीं रह जाएंगे जहां है या हो सकता है कि उनकी स्थिति इससे भी ज्यादा बिगड़ जाए।

भाजपा उम्मीदवारों से बोले शिवराज, संघर्ष जारी रहे 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के नाम एक ट्वीट किया। इसमें चौहान ने कहा, "मैं मध्यप्रदेश भाजपा के सभी जीते हुए प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देता हूं। आप सभी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कमर कस लें। जो सफल नहीं हो पाए, वे हताश न हों, जनता के हित के लिए आपका संघर्ष जारी रहे!"

झारखंड: एक सीट कांग्रेस और एक झामुमो के खाते में
झारखंड की जो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस ने और एक सीट पर झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) ने जीत दर्ज की है। यहां की बरमो सीट पर कांग्रेस के कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) ने और दुमका सीट पर झामुमो के बसंत सोरेन ने जीत हासिल की। 

गोहद से कांग्रेस उम्मीदवार मेवाराम को जीत
मध्यप्रदेश की गोहद विधानसभा सीट के कांग्रेस उम्मीदवार मेवाराम जाटव ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही कांग्रेस के खाते में अब चार सीटें आ गई हैं। मेवाराम जाटव ने भाजपा प्रत्याशी रणवीर जाटव को हराया।

मलहरा विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में
मलहरा विधानसभा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रधुम्न सिंह लोधी ने जीत हासिल की है। लोधी ने बड़े अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी राम सिया भारती और बसपा प्रत्याशी अखंड प्रताप सिंह यादव को मात दी। 

पोहरी विधानसभा सीट पर भाजपा के सुरेश राठखेड़ा को जीत
पोहरी विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेश राठखेड़ा को जीत हासिल हुई है। राठखेड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेद सिंह आदिवासी और बसपा प्रत्याशी कैलाश कुशवाह से टक्कर मिल रही थी। इस सीट के साथ भाजपा के खाते में अब 16 सीटें आ गई हैं।

जौरा विधानसभा सीट भाजपा के नाम
जौरा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सूबेदार सिंह ने जीत हासिल की है। मतगणना के दौरान सूबेदार सिंह की कांग्रेस उम्मीदवार पंकज उपाध्याय और बसपा प्रत्याशी सोनेराम कुशवाह से कड़ी टक्कर चल रही थी। इस जीत के साथ भाजपा के खाते में 16 सीट आ गई हैं।

दिमनी में हारे मंत्री दंडोतिया, कांग्रेस को जीत
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री गिर्राज दंडोतिया दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। राज्य में कृषि मंत्री दंडोतिया को कांग्रेस उम्मीदवार रविंद्र सिंह तोमर के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस के खाते में अब तीन सीटें आ गई हैं। आगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार विपिन वानखेड़े ने जीत हासिल की है। वानखेड़े ने भाजपा उम्मीदवार मनोज मनोहर उत्वल को मात दी। इसी के साथ कांग्रेस के खाते में अब दो सीटें आ गई हैं। इसके उलट भाजपा अभी तक 14 सीटें जीत चुकी है और बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है।  

ग्वालियर से भाजपा के प्रद्युम्न सिंह तोमर जीते
ग्वालियर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जीत दर्ज की है। तोमर ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा को हराया। 28 विधानसभा सीटों में से भाजपा की यह 14वीं सीट है। 

अंबाह विधानसभा सीट पर जीते भाजपा के कमलेश जाटव
राज्य की अंबाह विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कमलेश जाटव ने जीत हासिल की है। जाटव ने कांग्रेस प्रत्याशी सत्यप्रकाश सखावर को हराया। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के खाते में आई यह 13वीं सीट है। 

सुर्खी विधानसभा सीट पर भाजपा के गोविंद सिंह जीते
राज्य की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है। सुर्खी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही भाजपा के खाते में अब 12 सीटें आ गई हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक ट्वीट कर राजपूत को बधाई भी दी।

नेपानगर विधानसभा सीट भाजपा के नाम
नेपानगर विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार सुमित्रा देवी कासडेकर ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रामकिशन पटेल को मात दी। इसके साथ ही भाजपा को 28 सीटों में से अब तक 11 सीटों पर जीत हासिल हो चुकी है। 

हाटपिपलिया से भाजपा प्रत्याशी विजयी
हाटपिपलिया विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोज चौधरी को जीत हासिल हुई है। इस जीत के साथ ही भाजपा के खाते में कुल 10 सीटें आ गई हैं।

इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा
कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम गुड्डू के समर्थकों ने फर्जी मतगणना का आरोप लगाते हुए एक मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बिना वेरिफिकेशन के परिणाम घोषित कर दिए गए। प्रेम गुड्डू के बेटे और कांग्रेस नेता अजीत बोरसी ने कहा कि ईवीएम की सील टूटी हुई थी, अधिकारी भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं, हम अदालत जाएंगे।

अनूपपुर से भाजपा उम्मीदवार बिसाहूलाल सिंह जीते
भाजपा प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह ने अनूपपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। 28 में से भाजपा को अब तक नौ सीटों पर जीत मिल चुकी है, जिसके साथ ही राज्य में शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनी रहने का रास्ता साफ हो गया है। 

भांडेर से भाजपा की रक्षा सिरोनिया को जीत
भांडेर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रक्षा सिरोनिया ने जीत हासिल की है। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर उन्हें जीत की बधाई दी है। उधर, मुंगावाली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र यादव जीते हैं। यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हईराम लोधी को 21,469 मतों से हराया।

अशोकनगर से भाजपा के जजपाल सिंह जीते
अशोकनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जजपाल सिंह जज्जी को जीत हासिल हुई है। जज्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे को 14,630 मतों से पराजित किया। 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा की यह आठवीं जीत है।

सुवासरा से भाजपा तो ब्यावरा से कांग्रेस उम्मीदवार को जीत
सुवासरा से भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह डंग 29,440 वोट से जीत गए हैं। डंग ने कांग्रेस प्रत्याशी राकेश पाटीदार को 29,440 मतों से हराया। वहीं, ब्यावरा में कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के नारायण सिंह पंवार को हराया है। दांगी ने भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह पंवार को 12,102 मतों से हराया। उधर, डबरा में उलटफेर के आसार नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश काजे से करीब 615 वोट से पीछे चल रही हैं।

बदनावर से मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव चुनाव जीते
मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों के नतीजे आना शुरू हो गया है। राज्य की बदनावर सीट से मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव को जीत मिली है। उन्हें 57 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं।

बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया चुनाव जीते
मध्यप्रदेश की बमोरी विधानसभा सीट से भाजपा के महेंद्र सिंह सिसोदिया को जीत मिली है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्हें 62 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं। 

शिवराज ने मध्यप्रदेश की जनता को कहा शुक्रिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा, राज्य की जनता ने एक बार फिर विकास और जनकल्याण के लिए संकल्पित भाजपा को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय ले लिया है। यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

Created On :   10 Nov 2020 1:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story