लोकतंत्र बचाओ रैली: रामलीला मैदान में आज एकजुट होंगी विपक्षी पार्टियां, इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेता होंगे शामिल

रामलीला मैदान में आज एकजुट होंगी विपक्षी पार्टियां, इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेता होंगे शामिल
  • रामलीला मैदान में आज 'लोकतंत्र बचाओ' रैली
  • शीर्ष विपक्षी नेता होंगे शामिल
  • 28 विपक्षी पार्टियां रैली में जुटेंगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' एक महारैली करने जा रही है। इस रैली में करीब 28 राजनीतिक पार्टियां हिस्सा लेने जा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध जताने के लिए आम आदमी पार्टी और कुछ कांग्रेस के नेताओं ने ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आज रविवार को रैली आयोजित करने की घोषणा की थी। हालांकि, अब कांग्रेस पार्टी ने इसे किसी एक व्यक्ति की बजाए पूरे लोकतंत्र से जोड़ दिया है। इनकम टैक्स विभाग ने दिल्ली में कांग्रेस के सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और करीब 1700 करोड़ का जुर्माना भी लगाया है। विपक्षी पार्टियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी की तरफ से की जा रही कार्रवाई से नाराज विभिन्न पार्टी और राजनेता आज रामलीला मैदान में एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।

शीर्ष नेता होंगे शामिल

रामलीला मैदान में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ' रैली में इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा लगने वाला है। विपक्षी पार्टियों की इस महारैली के मद्देनजर खास तैयारियां की जा रही है। रामलीला मैदान के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है। इंडिया गठबंधन इस महारैली के जरिए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ खड़े होने के साथ-साथ विपक्षी एकता का भी संदेश देना चाहती है। शुरूआत में आम आदमी पार्टी ने इस रैली का ऐलान केजरीवाल पर केंद्रित होकर किया था। हालांकि, बाद में कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा, "ये किसी एक व्यक्ति पर आधारित रैली नहीं है। इसलिए हमें इसे लोकतंत्र बचाओ रैली का नाम दिया है। इसमें 27 से 28 पार्टियां हिस्सा ले रही हैं।" कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्याक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला जैसे शीर्ष नेताओं की रैली में शामिल होने की चर्चा है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी नेता रैली को संबोधित भी कर सकते हैं।

सुनीता केजरीवाल भी होंगी शामिल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामलीला मैदान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शामिल होंगी। इसके अलावा जनवरी में जमीन खनन घोटाले में गिरफ्तार हुए झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी इस महारैली में शामिल होंगी। रामलीला मैदान में 1.25 लाख की क्षमता है लेकिन, दिल्ली पुलिस ने कुछ अन्य शर्तों के साथ इंडिया गठबंधन को 20 हजार लोगों को रैली में शामिल होने की इजाजत दी है। पुलिस ने मार्च करने की इजाजत नहीं दी है वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली और हथियार के साथ रैली में शामिल होने पर प्रतिबंध है।

Created On :   31 March 2024 3:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story