Chidambaram statement politics: 'भाजपा और नरेंद्र मोदी को लगातार मिल रहा जनता का समर्थन..', पी. चिदंबरम के बयान को लेकर केरल बीजेपी प्रमुख ने कांग्रेस और इंडी ब्लॉक पर साधा निशाना

- चिदंबरम ने बीजेपी को बताया सबसे मजबूत दल
- केरल बीजेपी प्रमुख ने कांग्रेस पर साधा निशाना
- पीएम मोदी और बीजेपी को जनता का समर्थन मिलने की कही बात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि इंडिया ब्लॉक बिखर रहा है। उनके इस बयान पर सियासत गरमा गई है। बीजेपी समेत एनडीए गठबंधन के कई दल विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर हमलावर हैं। इसी क्रम में भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी तंज कसा है। उन्होंने कांग्रेस की हार का इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें बहुत देर से गठबंधन की सच्चाई समझ आई।
राजीव चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "भारत की जनता बहुत पहले यह निर्णय ले चुकी है। जनता ने 2019 में निर्णय लिया, 2024 में निर्णय लिया। कांग्रेस के कुछ नेता भी अब इसे स्वीकार कर रहे हैं।"
बीजेपी को मिल रहा जनता का समर्थन
भाजपा नेता ने आगे कहा, "कोई भी राजनीतिक गठबंधन जिसका आधार अवसरवादिता है, भ्रष्टाचार है, जो वंशवाद को बढ़ावा देती है, और जो सिर्फ प्रधानमंत्री के विरोध के नाम पर बनी है, क्या उसे कभी भी भारत के लोगों का समर्थन मिल पाएगा? भारत की जनता ने भाजपा और नरेंद्र मोदी को एक भरोसेमंद ताकत के रूप में स्वीकार किया है। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश के मूल्यों में विश्वास करती है और राजनीति को लोगों के जीवन को विकसित करने का जरिया मानती है। प्रधानमंत्री देश के विकास के लिए सातों दिन और चौबीस घंटे काम करते हैं। देश को समृद्ध बनाना, ताकतवर बनाना, उनकी राजनीति का आदर्श है। यही वजह है भाजपा और नरेंद्र मोदी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है।"
उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक अपने भ्रष्टाचार को छुपाने और नरेंद्र मोदी का विरोध करने के नाम पर बना गठबंधन है। ऐसे गठबंधन को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
क्या था चिदंबरम का बयान?
पूर्व केंद्रीय गृह और वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने गुरुवार को कहा था, "इंडिया ब्लॉक का भविष्य उज्जवल नहीं है, मुझे नहीं लगता कि गठबंधन में शामिल दल और नेता एकजुट हैं। यह एक कमजोर गठबंधन लगता है। अगर यह बरकरार रहा तो मुझे बेहद खुशी होगी। मौजूदा समय में देश में बीजेपी से सशक्त कोई दूसरा राजनीतिक दल नहीं है।"
Created On :   17 May 2025 2:29 AM IST