Peter Navarro Deposition Controversy: 'सही है..आम भारतीयों को कोई फायदा नहीं', कांग्रेस नेता उदित राज ने पीटर नवारो के ब्राह्मणों पर दिये बयान का किया सपोर्ट

- पीटर नवारो के बयान पर मचा बवाल
- ब्राम्हणों पर लगाया रूसी तेल खरीदी से मुनाफाखोरी करने का आरोप
- उदित राज ने बयान को बताया सही
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो लगातार भारत के खिलाफ बोल रहे हैं। अपने ताजा बयान में उन्होंने भारतीय ब्राह्मणों पर रूसी तेल खरीद कर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया है। नवारो ने कहा कि भारत के ब्राह्मण रूसी तेल से मुनाफा कमा रहे हैं, जिसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है।
नवारो के इस बयान की भारत में जमकर आलोचना हो रही है। लेकिन, कांग्रेस नेता उदित राज ने उनके बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत के उच्च जाति के कॉरपोरेट घराने रूस से कच्चे तेल की खरीद से मुनाफा कमा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि नवारो ने तथ्यात्मक रूप से सही कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में केवल ऊंची जाति के बिजनेसमैन ही रूसी तेल खरीद से फायदा उठा रहे हैं।
उदितराज ने कहा, 'मैं पीटर नवारो के इस बयान से पूरी तरह सहमत हूं कि रूस से तेल खरीद से ब्राह्मणों को फ़ायदा हो रहा है। यह सच है कि भारत में कॉर्पोरेट घराने बड़े पैमाने पर ऊंची जातियों की ओर से चलाए जाते हैं। वे रूस से तेल खरीदते हैं, उसे रिफाइन करते हैं और बहुत ऊंचे दामों पर बेचते हैं. आम भारतीयों को इससे कोई फ़ायदा नहीं हो रहा है।'
इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछड़ी जातियों और दलितों को देश में कॉर्पोरेट घराने स्थापित करने में 100 साल लगेंगे। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि देश में पिछड़ी जातियां और दलित, जड़ जमा चुके भेदभाव की वजह से अगले 100 साल में कॉर्पोरेट घराने बना पाएंगे। नवारो ने जो कहा है वह तथ्यात्मक रूप से सही है और कोई भी इससे इनकार नहीं कर सकता।'
क्या था नवारो का पूरा बयान?
पीटर नवारो ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'भारत टैरिफ का महाराजा है। दुनिया में सबसे ज़्यादा टैरिफ उनके यहां हैं। वे हमें ढेर सारी चीज़ें निर्यात करते हैं, तो, नुक़सान किसे होगा? अमेरिका के मज़दूरों को, करदाताओं को, यूक्रेन के लोगों को। मोदी एक महान नेता हैं। मुझे समझ नहीं आता कि जब भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, तो वह पुतिन और शी जिनपिंग के साथ क्यों घुल-मिल रहे हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं भारतीय लोगों से बस इतना ही कहूंगा कि वे समझें कि यहां क्या हो रहा है। ब्राह्मण भारतीय लोगों की कीमत पर मुनाफा कमा रहे हैं और हम चाहते हैं कि यह सब बंद हो।'
Created On :   1 Sept 2025 7:24 PM IST