UP Politics: यूपी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गरमाई राजनीति, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर धोखा देने के लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दोबारा समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं की बात मानकर उनकी ताकत को कम आंका था, लेकिन अब उनकी सीधी मुलाकात चुनाव के बाद होगी। उन्होंने यह बयान राज्य के आजमगढ़ में दिया है।
यह भी पढ़े -'हमारे और मायावती जी के संबंध 2019 में...', क्या यूपी चुनाव के लिए फिर साथ आएंगे अखिलेश यादव और मायावती
अल्पसंख्यक को लेकर दिया बड़ा बयान
ओम प्रकाश राजभार गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित नेहरू हाल में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि 27 अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं ने पार्टी का हाथ थामा है। इसे वे पार्टी की बड़ी राजनीतिक जीत बता रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने निषाद समाज की नाराजगी को भी सिरे से खारिज कर दिया है। ये बयान उन्होंने यहां पर आयोजति अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यक्रम में दिया है।
धोखा देने का आरोप
इसके अलावा ओपी राजभर ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा, "अखिलेश जी ने अपने चेलों की बात मानकर समझा कि यहां कुछ नहीं है। अब चुनाव के बाद ही उनके चेलों से मेरी मुलाकात होगी।" इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव पर अल्पसंख्यकों को धोखा देने का आरोप भी लगाया है। साथ ही गुड्डू जमाली का उदाहण देते हुए कहा कि अगर उनके नाम पर यादव लिखा होता तो उन्हें पक्का टिकट दिया जाता।
यह भी पढ़े -'शिक्षामित्रों को समाजवादी के लोग ही न्याय दिला सकते हैं', अखिलेश यादव ने भाजपा का किया घेरा
पूर्वांचल को लेकर किया दावा
वहीं, मीडिया ने उनसे पूछा कि आगामी विधानसभा चुनाव अतरोलिया से लड़ने वाले हैं। इस पर उन्होंने चुप्पी साधी और बोले कि वे आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की रणनीति बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल की राजनीति में उनके बिना किसी भी दल का समीकरण नहीं बन सकता है।
Created On :   9 April 2026 11:59 PM IST












