Bharat Jodo Yatra 2nd Phase: 'भारत जोड़ो यात्रा 2.0' की तैयारी में कांग्रेस, गुजरात से मेघालय तक राहुल गांधी करेंगे जनता से मुलाकात

भारत जोड़ो यात्रा 2.0 की तैयारी में कांग्रेस, गुजरात से मेघालय तक राहुल गांधी करेंगे जनता से मुलाकात
  • गुजरात से मेघालय तक राहुल गांधी करेंगे जनता से मुलाकात
  • 'भारत जोड़ो यात्रा 2.0' की तैयारी में कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण दिसंबर 2023 से फरवरी 2024 के बीच आयोजित करने की संभावना है। उम्मीद है कि यात्रा पैदल और वाहनों का उपयोग करके भी आयोजित की जाएगी। यानी कि यह यात्रा हाईब्रिड होने वाली है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान घुटने में दर्द की समस्या हुई थी। जिसे लेकर राहुल गांधी को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी जुलाई महीने में उन्होंने केरल के जाने माने आयुर्वेदिक संस्थान में अपना इलाज करवाया था। इसलिए इस यात्रा को पैदल और वाहनों (हाईब्रिड) के जरिए किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, यह यात्रा गुजरात से होकर मेघालय तक जाएगी। दूसरे चरण की इस यात्रा को राहुल गांधी गुजरात के पोरबंदर शुरू करने वाले हैं। इस यात्रा को गुजरात के पोरबंदर से शुरू करने के पीछे की खास वजह यह है कि इस जगह पर महात्मा गांधी की जन्मस्थली है। जानकारी के मुताबिक, यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 15 जिलों को कवर करेगी, जिसमें लगभग 25 दिनों का समय लगेगा। हालांकि, अभी तक इस यात्रा के अंतिम स्थान के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यात्रा का समापन मेघालय में होगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले साल 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी, फिर यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरते हुए पहाड़ी राज्य जम्मू कश्मीर पहुंची थी। 30 जनवरी 2023 को कश्मीर में इस यात्रा का समापन हुआ था। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने 4 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया था। इस यात्रा को पूरा होने में 136 दिनों का समय लगा था। इस दौरान यात्रा तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, पंजाब से होकर गुजरी थी।

राहुल गांधी ने अपनी पहली भारत जोड़ो यात्रा भारत के दक्षिण से उत्तर की ओर निकाली थी। अब पार्टी अपनी दूसरी यात्रा पश्चिम से पूरब की ओर निकालने की तैयारी में है। हालांकि, अभी तक इसके तारीख का पता नहीं चल पाया है। साथ ही, यात्रा किस मार्ग से निकाली जाएगी, इसका भी पता अभी तक नहीं चल पाया है।

Created On :   7 Nov 2023 5:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story