रामलला प्राण प्रतिष्ठा: राम मंदिर उद्घाटन के लिए अयोध्या नहीं जाएंगे राहुल गांधी, प्राण प्रतिष्ठा समारोह को बताया राजनीतिक कार्यक्रम

राम मंदिर उद्घाटन के लिए अयोध्या नहीं जाएंगे राहुल गांधी, प्राण प्रतिष्ठा समारोह को बताया राजनीतिक कार्यक्रम
  • राम मंदिर उद्घाटन के लिए अयोध्या नहीं जाएंगे राहुल गांधी
  • प्राण प्रतिष्ठा समारोह को राहुल ने बताया राजनीतिक कार्यक्रम
  • राजीव चंद्रशेखर ने दिया राहुल गांधी के बयान का जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस समय पूरे देश में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां चल रही हैं। राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के इस खास मौके पर हर व्यक्ति अयोध्या जाना चाहता है। लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह साफ कर दिया है कि वह इस समारोह में नहीं शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्होंने इस समारोह को धार्मिक नहीं बल्कि राजनीतिक कार्यक्रम भी बताया है। यही नहीं राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस और बीजेपी ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक नरेंद्र मोदी कार्यक्रम बना दिया है।

प्राण प्रतिष्ठा को बताया राजनीतिक कार्यक्रम

नागालैंड के कोहिमा में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा, "22 जनवरी का इवेंट राजनीतिक कार्यक्रम है। हम सभी धर्मों के साथ हैं। मुझे धर्म का फायदा नहीं उठाना। मैं उसमें इंट्रेस्टेड नहीं हूं। मुझे मेरे धर्म को शर्ट पर पहनने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जो भी वहां जाना चाहता है, वो जा सकता है। लेकिन हम उस दिन वहां नहीं जाएंगे। हमारी पार्टी से भी कोई वहां जा सकता है। लेकिन हम राजनीतिक इवेंट में नहीं जाएंगे।"

राहुल गांधी ने आगे कहा, "जो मेरी सोच है वह यह है कि जो सचमुच में धर्म को मानता है वह धर्म के साथ निजी रिश्ता रखता है। मैं धर्म के सिद्धांतों से अपनी जिंदगी जीने की कोशिश करता हूं। लोगों के साथ ठीक से बर्ताव करता हूं, उनकी इज्जत रखता हूं। मैं नफरत नहीं फैलाता हूं।"

चंद्रशेखर ने दिया राहुल के बयान का जवाब

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले गुरु सैम पित्रोदा पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राम मंदिर के मुद्दे को करोड़ो भारतीय गहराई से महसूस करते हैं। इसलिए अब राहुल गांधी इन बयानों का लोगों की भावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं राहुल गांधी

गौरतलब है कि राहुल गांधी फिलहाल अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने अपनी यह यात्रा रविवार (14 जनवरी) को मणिपुर से शुरू की है। इस समय वह नागालैंड के कोहिमा शहर में हैं। राहुल गांधी की यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से मुंबई तक लगभग 6,700 किलोमीटर की होने वाली है।

Created On :   16 Jan 2024 10:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story