भारत जोड़ो न्याय यात्रा: आज हिंसाग्रस्त मणिपुर से शुरू होगी राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', जानिए देश के 15 राज्य से गुजरने वाली इस यात्रा की बड़ी बातें

आज हिंसाग्रस्त मणिपुर से शुरू होगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, जानिए देश के 15 राज्य से गुजरने वाली इस यात्रा की बड़ी बातें
  • आज दोपहर 12 बजे से शुरू होगी यात्रा
  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दिखाएंगे हरी झंडी
  • मुंबई में 20 मार्च को होगी समाप्त

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरूआत रविवार से शुरू होने जा रही है। मणिपुर के थौबल जिले से निकलने वाली यह यात्रा महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई तक जाएगी। दो महीने तक चलनी वाली इस यात्रा में राहुल गांधी 6 हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेंगे। थौबल जिले की खोंगजोम युद्ध स्मारक से दोपहर 12 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

यात्रा बारे में जानकारी देते हुए मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने बताया, "हमने 2 जनवरी को राज्य सरकार को प्रस्ताव दिया था कि इंफाल में हप्ता कांगजीबुंग सार्वजनिक मैदान को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए अनुमति दी जाए। हमने यह भी घोषणा की थी कि यात्रा इंफाल से शुरू होगी और मुंबई में समाप्त होगी।'' उन्होंने आगे बताया कि हमने 10 जनवरी को इसे लेकर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात भी की थी। जिसमें हमने उनसे यात्रा के लिए हप्ता कांगजीबुंग मैदान में सीमित लोगों के साथ जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्होंने इजाजत देने से इनकार कर दिया था।

बता दें कि कांग्रेस की इस यात्रा पर मणिपुर सरकार ने कई पाबंदियां लगाई हैं। उन्होंने इस यात्रा की शुरूआत से जुड़े कार्यक्रम को लेकर आदेश दिया है कि कार्यक्रम 1 घंटे से अधिक नहीं होना चाहिए। साथ इसमें 3 हजार से ज्यादा लोग भाग न लें।

ऐसा रहेगा यात्रा का रूट

शुरुआती बिंदु को छोड़कर यात्रा के मार्ग में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिन चलने वाली यह यात्रा कुल 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा की समाप्ति 20 मार्च को मुंबई में होगी। इस दौरान यह देश के 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरेगी। इस बीच कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि, ''यह यात्रा पिछले 10 साल में हुए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अन्याय को ध्यान में रखते हुए निकाली जा रही है।'' उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, "प्रधानमंत्री 'अमृतकाल' के सुनहरे सपने दिखाते हैं, लेकिन पिछले 10 साल की हकीकत 'अन्याय काल' है। इस अन्याय काल का कोई जिक्र नहीं होता।''

Created On :   13 Jan 2024 8:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story