विधानसभा चुनाव 2023: राजस्थान में संपन्न हुआ चुनाव, शाम 6 बजे तक 68.24 प्रतिशत मतदान

राजस्थान में संपन्न हुआ चुनाव, शाम 6 बजे तक 68.24 प्रतिशत मतदान
  • राजस्थान में 199 सीटों पर वोटिंग
  • 3 दिसंबर को आएंगे चुनाव के नतीजे

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में 199 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो चुकी है। आज यानी शनिवार को मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुई। इस बार के चुनाव में 1,863 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें 1681 पुरुष और 182 महिला प्रत्याशी हैं। 51,507 पोलिंग बूथ पर मतदान हो रहा है। जिसके लिए पौने तीन लाख से अधिक कर्मचारी तैनात हैं।

राज्य में मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इनमें से 2.74 करोड़ पुरुष और 2.53 करोड़ महिला मतदाता हैं। साथ ही, राज्य में 624 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। वहीं, 22.61 लाख वोटर ऐसे हैं जो पहली बार राज्य के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले हैं। इसके अलावा राज्य में 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 मतदाता हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य में कुल 36,101 स्थानों पर कुल 51,507 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में कुल 10,501 और 41,006 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं।

ये दिग्गज नेता चुनावी मैदान में

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, बीडी कल्ला, भंवर सिंह भाटी, राजेंद्र यादव, शकुंतला रावत, उदय लाल आंजना, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, सालेह मोहम्मद, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास, अशोक चांदना और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट चुनावी मैदान में अपना किस्मत आजमा रहे हैं।

वहीं, बीजेपी से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दीया कुमारी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़,उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, बाबा बालकनाथ, किरोड़ी लाल मीणा और राज्यवर्धन राठौड़ शामिल हैं।

ये पार्टी भी चुनावी मैदान में

राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी, माकपा, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी, भारतीय ट्राइबल पार्टी, एआईएमआईएम सहित कई पार्टी चुनावी मैदान में हैं। हालांकि, राज्य में कांग्रेस और बीजेपी ही प्रमुख रूप से चुनावी मैदान में हैं। लेकिन इस बार बीजेपी और कांग्रेस दोनों की ओर से कुल 40 से अधिक बागी टिकट नहीं मिलने पर पार्टी के खिलाफ मैदान में उतरे हुए हैं। जिसके चलते समीकरण बदलने की स्थिति भी बनी हुई है।

वर्तमान में राजस्थान की सियासी समीकरण की बात करें तो मौजूदा समय में कांग्रेस के पास 107 विधायक, बीजेपी के 70, आरएलपी के तीन, माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के 2-2, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक हैं। साथ ही, 13 निर्दलीय विधायक हैं। इसके अलावा दो सीटें (उदयपुर और करणपुर) खाली हैं। राजस्थान में 2018 के चुनाव में 74.06% मतदान हुए थे। वहीं, 2013 में 75.04 और 2008 में 66.25 फीसदी मतदान हुए थे।

Live Updates

Created On :   25 Nov 2023 1:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story