RCB Victory Parade Stampede: आरसीबी विक्ट्री परेड भगदड़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़ा, 11 की हुई मौत, बीजेपी बोली - 'बिना तैयारी के निकाली गई रैली'

- मातम में बदला बेंगलुरु की आईपीएल जीत का जश्न
- विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों ने गंवाई जान
- बीजेपी ने सिद्धारमैया सरकार पर लगाया जिम्मेदारी न निभाने का आरोप
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहला आईपीएल टाइटल अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया। इस महाजीत के बाद बेंगलुरु में जमकर जश्न मनाया गया। टीम की विक्ट्री परेड निकाली गई। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट के पास अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में अभी तक 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं।
राज्य सरकार ले जिम्मेदारी - कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष
इस घटना को लेकर सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी ने राज्य की सिद्धारमैया सरकार पर इसे लेकर निशाना साधा है। राज्य के बीजेपी प्रमुख बीवाई विजयेंद्र बेंगलुरु में भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरा देश और कर्नाटक RCB की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई। राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी। इसका नतीजा यह हुआ कि 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई। कुछ लोग ICU में हैं। मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी। मुख्यमंत्री को मामले को न्यायिक जांच के लिए भेजना चाहिए।"
#WATCH बेंगलुरु: कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र भगदड़ जैसी स्थिति में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए बोरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे।(वीडियो सोर्स - बी.वाई. विजयेंद्र कार्यालय) pic.twitter.com/bvWSzMc268
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 4, 2025
जिम्मेदारी निभाने में असफल रही सिद्धारमैया सरकार
हादसे को लेकर बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "यह वाकई एक त्रासदी है कि बेंगलुरु में मची भगदड़ में करीब 10 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चित व्यवस्था, योजना और भीड़ प्रबंधन की कमी के कारण ऐसी हृदय विदारक घटना घटी। कर्नाटक राज्य सरकार अपनी ज़िम्मेदारी निभाने में विफल रही है।"
वहीं, कर्नाटक विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा MLC चालावाड़ी नारायणस्वामी ने हादसे पर कहा कि यह घटना सरकार की वजह से हुई है। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि कितने लोग आएंगे, क्या सावधानियां बरतनी होंगी। यह सुरक्षा में चूक है।
Created On :   4 Jun 2025 8:24 PM IST