RCB Victory Parade Stampede: 'कोई भी जश्न इंसान की जान से बढ़कर नहीं..', आरसीबी विक्ट्री परेड में हुई भगदड़ मामले पर बोले राहुल गांधी

- आरसीबी की विक्ट्री परेड के दौरान मची भगदड़
- 11 लोगों ने गवाई जान
- राहुल गांधी ने घटना पर जताया दुख
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आरसीबी की विक्ट्री परेड में भगदड़ मच गई। सीएम सिद्धारमैया ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि भगदड़ के दौरान 11 लोग मारे गए हैं। 33 लोग घायल हुए हैं, जो खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है। इस दर्दनाक हादसे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि कोई भी जश्न जान से बड़ा नहीं होता।
सुरक्षा प्रोटोकॉल की हो समीक्षा
उन्होंने कहा, "आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई दुखद भगदड़ दिल दहला देने वाली है। मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। सभी घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस दुख की घड़ी में मैं बेंगलुरु के लोगों के साथ खड़ा हूं। कर्नाटक सरकार को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान करनी चाहिए। यह त्रासदी एक दर्दनाक याद दिलाती है। कोई भी जश्न इंसान के जान के बड़ी नहीं है। सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए हर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जानी चाहिए और उसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए- जीवन हमेशा पहले आना चाहिए।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया दुख
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न के दौरान बंगलूरू में भगदड़ की घटना को लेकर बहुत दुखी हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई कीमती जानें चली गईं और कई लोग घायल हुए, यह अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
बता दें कि मंगलवार को आईपीएल का पहला टाइटल जीतने के एक दिन बाद यानी बुधवार को आरसीबी की टीम बेंगलुरु पहुंची। जब टीम एयरपोर्ट पहुंची तो वहां हजारों फैंस मौजूद थे। RCB की टीम का विधानसभा में कर्नाटक सरकार ने सम्मान किया। एक प्रोग्राम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी था। स्टेडियम के बाहर लाखों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई।
Created On :   4 Jun 2025 9:29 PM IST