नीतीश पर तंज: संजय राउत ने कसा नीतीश कुमार पर तंज, कहा- 'अयोध्या में राम, बिहार में पलटूराम'

संजय राउत ने कसा नीतीश कुमार पर तंज, कहा- अयोध्या में राम, बिहार में पलटूराम
  • संजय राउत ने कसा नीतीश कुमार पर तंज
  • नीतीश कुमार ने आज सुबह दिया इस्तीफा
  • भाजपा गठबंधन में शामिल होने का दावा पेश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर से पलटी मार दी है। उन्होंने बिहार में राजद नीत महागठबंधन का साथ छोड़कर दोबारा से भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने का फैसला लिया है। नीतीश कुमार ने रविवार सुबह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपकर भाजपा में शामिल होने का दावा पेश किया। एक बार फिर से दल बदलने को लेकर नीतीश कुमार को सभी विपक्षी हमलावर दिखाई दे रहे हैं। इस बीच नीतीश के पूर्व सहयोगी संजय राउत ने भी उन पर तंज कसते हुए कहा कि अयोध्या में राम आए, बिहार में पलटूराम।

मानसिक रूप से ठीक नहीं हैं नीतीश

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया। संजय राउत ने कहा, "इंडिया ब्लाॅक की स्थिति अच्छी है। ममता बनर्जी अभी बाहर नहीं हुई हैं। आम आदमी पार्टी भी अलग नहीं हुई है। सिर्फ नीतीश कुमार का यह खेल चलता रहता है। उनका मानसिक स्वास्थ ठीक नहीं है। हम उन्हें काफी समय से करीब से जानते हैं। वह बीते कुछ दिनों से बीमार हैं। इसके कुछ व्यक्तिगत कारण हो सकते हैं।"

संजय राउत ने आगे कहा, "मुझे ऐसा नहीं लगता कि नीतीश कुमार के हमसे दूर जाने से बिहार की राजनीति पर कोई फर्क पड़ेगा। कांग्रेस, तेजस्वी यादव और अन्य छोटे दलों का साथ है। आम आदमी की बात करें तो दिल्ली में कांग्रेस उसके बीच सहमति बन चुकी है। जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। पंजाब की स्थिति अलग है, जैसे केरल और बंगाल में है।"

खड़गे और तेजप्रताप ने भी कसा था तंज

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा था, "देश में आया राम, गया राम जैसे कई लोग हैं। पहले वो और हम मिलकर लड़ रहे थे। जब मैंने लालू जी और तेजश्वी जी से बात की तो उन्होंने भी कहा कि नीतीश जा रहे हैं।" जबकि तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा था, "गिरगिट तो बस यूं ही बदनाम है। रंग बदलने की रफ्तार से तो पलटिस कुमार को भी गिरगिट रत्न से सम्मानित करना चाहिए।"

Created On :   28 Jan 2024 12:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story