Gujarat Vidhansabha By-election 2025: शक्ति सिंह गोहिल ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, गुजरात में विधानसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद लिया बड़ा फैसला

शक्ति सिंह गोहिल ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, गुजरात में विधानसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद लिया बड़ा फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात में दो सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को हार मिली है। हार के तुरंत बाद कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। गुजरात की दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हुए हैं, जिसमें कडी और विसावदर सीट शामिल हैं। इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस को बड़ी हार मिली है।

इस्तीफा देने के बाद रखा अपना पक्ष

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल के इस्तीफा देने के बाद अब उनकी जगह पर शैलेश परमार प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभालेंगे। वह इस वक्त अहमदाबाद के दानिलिमदा सीट से विधायक हैं। उपचुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा- मुझे भारत की सबसे पुरानी और बेशक, भारत की सबसे अच्छी राजनीतिक पार्टी का अनुशासित सिपाही होने पर बहुत गर्व है। मैंने कड़ी मेहनत की है और हमेशा अपनी पार्टी को सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया है. दुर्भाग्य से, हम आज सफल नहीं हुए. हम विसावदर और कादी उपचुनाव हार गए हैं।

राजीव गांधी और सोनिया गांधी का किया जिक्र

उन्होंने आगे कहा- मैं माननीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, हमारे दूरदर्शी नेता राहुल गांधी, महासचिव, संगठन, वेणुगोपाल और बेशक हमारे गतिशील गुजरात प्रभारी मुकुल वासनिक से प्राप्त निरंतर समर्थन और सहयोग की सराहना करता हूं। गोहिल ने एक्स पोस्ट में कहा- राजीव गांधी और सोनिया गांधी का मार्गदर्शन मेरे जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद रहा है, जिसने मुझे एक व्यक्ति और जनसेवक के रूप में आकार दिया है और मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा। राज्यसभा के सदस्य गोहिल ने कहा- हमारी कांग्रेस पार्टी और इसकी गौरवशाली परंपरा की सच्ची भावना में, मैंने नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की है और कुछ घंटों पहले गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है।

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा- मैं अपने सभी पार्टी नेताओं, पार्टी के बेहतरीन बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, मेरे शुभचिंतकों, मीडिया और अन्य सभी लोगों को उनके समर्थन और मुझ पर विश्वास के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरा मानना ​​है कि हमारी पार्टी किसी भी पद या व्यक्ति से ज्यादा महत्वपूर्ण है। मैं निश्चित रूप से कांग्रेस का अनुशासित सिपाही बना रहूंगा। हमेशा- जय कांग्रेस, जय हिंद।

गुजरात में दो सीट पर हुए उपचुनाव

गुजरात में हुए विधानसभा उपचुनाव मे बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है। जिसमें कडी से राजेंद्रकुमार (राजुभाई) दानेश्वर चावडा और विसावदर सीट से आम आदमी पार्टी के ईटालीया गोपाल ने जीत हासिल की है।

दोनों सीटों का चुनावी हाल

कडी सीट से कांग्रेस के रमेशभाई चावडा दूसरे नंबर पर रहे। बीजेपी के राजेंद्रकुमार ने उन्हें कुल 39452 वोटों से हराया है। राजेंद्रकुमार को कुल 99742 वोट मिले हैं।

वहीं, विसावदर सीट से आम आदमी पार्टी के नेता ईटालीया गोपाल ने जीत हासिल की है। उन्हें कुल 75942 वोट मिले हैं। उन्होंने बीजेपी नेता कृति पटेल को 17554 वोटों से हराया है। वहीं, इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रानपरिया तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें कुल 5501 वोट मिले हैं।

Created On :   23 Jun 2025 6:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story