बिहार सियासत: तेजस्वी का नीतीश पर तंज, कहा- 'अब कभी नहीं लेंगे महागठबंधन में वापस', नीतीश को बताया 'बोझ', पेपर लीक पर बीजेपी को घेरा

- तेजस्वी का नीतीश पर तंज
- कहा- 'अब कभी नहीं लेंगे महागठबंधन में वापस'
- तेजस्वी ने नीतीश को बताया 'बोझ'
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रविवार (22 जून 2025) को एएनआई को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि अब वह नीतीश कुमार को कभी भी महागठबंधन में वापस नहीं लेंगे। यह बयान तब आया जब उनसे पूछा गया कि क्या आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव नीतीश को गठबंधन में वापस स्वीकार करेंगे।
"नीतीश अब बोझ बनकर रह गए"
तेजस्वी ने कहा, "कभी नहीं! मेरे पिता हैं, मैं उन्हें जानता हूं। एक गलती को माफ करना ठीक है, लेकिन नीतीश जी ने वही गलती दो बार की। अब उनकी माफी नहीं बनती। वे जहां भी जाएंगे, सिर्फ बोझ बनकर रह जाएंगे।"
महागठबंधन में सीट बंटवारे पर क्या बोले?
आगामी बिहार चुनाव में महागठबंधन के सीट बंटवारे पर विवाद के सवाल पर तेजस्वी ने कहा, "यह गठबंधन का आंतरिक मामला है। राहुल गांधी के बिहार में प्रचार करने से हमें खुशी है। वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। पीएम मोदी भी तो प्रचार करने आते हैं। एनडीए में भी सब ठीक नहीं है। जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान के बारे में क्या कहा? उपेंद्र कुशवाहा ने क्या कहा? हमें नहीं लगता कि उनके बीच सब कुछ ठीक है।"
पेपर लीक और पीएम मोदी पर निशाना
तेजस्वी ने बिहार में पेपर लीक के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए कहा, "बिहार के लोग बताएं, पेपर लीक सबसे ज्यादा कब हुए? 2005 के बाद या पहले? बिहार में एक भी ऐसी परीक्षा का नाम बताएं, जिसमें पेपर लीक न हुआ हो।" पीएम मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "मोदी जी से बड़ा 'कलाकार' और झूठ बोलने वाला इस देश में पैदा नहीं हुआ।"
Created On :   22 Jun 2025 7:50 PM IST