लोकसभा चुनाव 2024: गुजरात के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची में दूसरे नंबर पर सुनीता केजरीवाल, क्या है इसके राजनीतिक मायने?

गुजरात के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची में दूसरे नंबर पर सुनीता केजरीवाल, क्या है इसके राजनीतिक मायने?
  • आप ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट
  • गुजरात के दो लोकसभा सीट के लिए 40 स्टार प्रचारक
  • लिस्ट में दूसरे नंबर पर सुनीता केजरीवाल

डिजटल डेस्क, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। गुजरात राज्य के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में 40 आप नेताओं का नाम शामिल है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में अरविंद केजरीवाल के बाद पत्नी सुनीता का नाम दूसरे स्थान पर रखा गया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही पत्नी सुनीता केजरीवाल आप का चर्चित चेहरा बनती जा रही हैं। उन्होंने कई बार अरविंद केजरीवाल की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जनता से संवाद किया है।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही पत्नी को सीएम बनाने की चर्चा हो रही है। अब स्टार प्रचारकों की ताजा लिस्ट भी अरविंद केजरीवाल के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल की हैसियत को अन्य आप नेताओं से ऊपर होने की तरफ इशारा कर रहा है। इस लिस्ट में पंजाब सीएम भगवंत मान, राज्यसभा सांसद मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जैसे दिग्गज आप नेताओं को भी सुनीता केजरीवाल से नीचे रखा गया है।

पार्टी में कद और महत्व

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता केजरीवाल ने कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंसिग के जरिए जनता के सामने आईं। इसके बाद दिल्ली के रामलीला मैदान में केजरीवाल के समर्थन में आयोजित रैली में मंच पर सोनिया गांधी के ठीक बगल में दिखाई दी। इसके बाद दिल्ली स्थित सीएम आवास पर उन्होंने आप विधायकों की मीटिंग भी ली। यह सब सुनीता केजरीवाल की आम आदमी पार्टी में सक्रियता और स्थान को दर्शाता है। हालांकि, स्टार प्रचारकों की सूची में केजरीवाल के बाद उन्हें सबसे ऊपर रखने के कई मायने हैं। सबसे पहले तो स्टार प्रचारक की सूची के साथ-साथ सक्रिय राजनीति में भी उनकी एंट्री होने जा रही है। दूसरी बात यह है कि लिस्ट से यह साफ होता है कि केजरीवाल के बाद पार्टी में पत्नी सुनीता का कद और महत्व सबसे ज्यादा है।

अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता लगातार कहते आ रहे हैं कि वह सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगे। फिलहाल अरविंद केजरीवाल जेल से ही सरकार चलाने के मूड में नजर आ रहे हैं। हालांकि, अगर केजरीवाल इस्तीफा देते हैं तो नए सीएम के तौर पर पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम सबसे ऊपर माना जा सकता है। कम से कम मौजूदा स्थिति तो इसी तरफ इशारा कर रही है।

40 स्टार प्रचारक

आम आदमी पार्टी की तरफ से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में कुल 40 नाम शामिल हैं। अरविंद केजरीवाल और सुनीता केजरीवाल के बाद पंजाब सीएम भगवंत मान का नाम इस सूची में तीसरे नंबर पर है। इस लिस्ट में मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के अलावा डॉ. संदीप पाठक, गोपाल राय, सत्येंद्र जैन, राघव चड्डा, आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज का नाम भी शामिल है। आम आदमी पार्टी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल के जरिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है।

Created On :   17 April 2024 8:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story