बिहार सियासत: 'वोट चोरी' के खिलाफ महागठबंधन की 1300 किलोमीटर की यात्रा, राहुल गांधी - तेजस्वी यादव होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में 17 अगस्त से महागठबंधन की ओर से होने वाली वोटर अधिकार यात्रा को लेकर सियासी पारा हाई हो गया है। इस यात्रा को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम कल सासाराम से 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू कर रहे हैं। कल हम सब महागठबंधन के सहयोगियों के साथ होंगे। हम कई जिलों का दौरा करेंगे और हमारी कोशिश लोगों को जागरूक करने की होगी ताकि किसी भी मतदाता का नाम छूट न जाए।
यह यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा होगी - तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा, "राहुल गांधी सासाराम की धरती से यात्रा शुरुआत करेंगे, कई दिनों तक हमारे साथ रहेंगे, हम लोगों के बीच जाएंगे और उन्हें बताएंगे कि कैसे उनके वोट चुराए जा रहे हैं। यह यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा होगी।"
बता दें, इससे पहले कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा, "आजाद भारत में आजादी से सांस लेना इसलिए संभव है, क्योंकि हमारे पास वोट करने की ताकत है। राहुल गांधी ने संघर्ष शुरू किया है, ताकि देश में हर एक नागरिक आजादी से सांस ले सके।"
इंडिया गठबंधन के नेता भी होंगे शामिल
उन्होंने कहा, "हमारे 'इंडिया' गठबंधन के साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर अपील की, तो उच्चतम न्यायालय को भी इसमें दखल देना पड़ा। यह षड्यंत्र सिर्फ वोट छीनने का नहीं था। ये आपकी, हमारी पहचान छीनने का षड्यंत्र था।"
गौरतलब है कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और वोटो चोरी के खिलाफ विपक्षी दल 17 अगस्त से 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू करने वाले हैं। यह यात्रा सासाराम से शुरू हो गई और 1 सितंबर को पटना स्थित गांधी मैदान में समाप्त होगी।
इस दौरान, जनसभा में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रीय स्तर से कई बड़े नेता शामिल होंगे। यह यात्रा औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा से होकर गुजरेगी।
Created On :   16 Aug 2025 8:48 PM IST