Tejashwi Yadav Voter ID Controversy: 'वे झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर रहे', केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

- वोटर आईडी विवाद पर गरमाई बिहार की सियासत
- मुश्किल में फंसते नजर आ रहे तेजस्वी यादव
- नित्यानंद राय ने आरजेडी नेता पर लगाया झूठ बोलने का आरोप
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में हुए एसआईआर को लेकर सरकार को घेरने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव अब मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। उन पर दो मतदाता पहचान पत्र रखने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए उन पर बिहार की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दो वोटर कार्ड रखना और इस बारे में झूठ बोलना गंभीर अपराध है।
तेजस्वी के दावे झूठे
नित्यानंद राय ने कहा कि एक नागरिक के रूप में किसी का नाम केवल एक ही मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, लेकिन तेजस्वी यादव ने दो अलग-अलग स्थानों पर अपना नाम दर्ज कराकर अपनी पोल खोल दी है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव सरासर झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे थे। चुनाव आयोग ने सारे सबूत पेश कर दिए हैं, जिससे साफ हो गया है कि उनके दावे झूठे थे। हार के डर से वह अब बहाने बना रहे हैं। तेजस्वी यादव न केवल जनता को गुमराह कर रहे थे, बल्कि चुनाव आयोग पर भी गलत आरोप लगा रहे थे।"
जनता कर देगी सफाया
नित्यानंद राय ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव को इस तरह की हरकतों के बजाय निष्पक्ष तरीके से चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन बिहार की जनता उनके इस धोखे को समझ चुकी है और उनका सफाया कर देगी। तेजस्वी यादव का यह कृत्य समाज में गलत संदेश फैलाने का काम कर रहा है। जनता सब देख रही है और सही समय आने पर वह इसका जवाब देगी।
उधर, जेडीयू नेता केसी त्यागी ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय इस तरह के भ्रामक बयान देना गलत है और इससे जनता में भ्रम फैलता है। निर्वाचन आयोग ने भी तेजस्वी यादव के दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उनका नाम बिहार की मसौदा मतदाता सूची में मौजूद है।
Created On :   4 Aug 2025 2:26 AM IST