भारत जोड़ो न्याय यात्रा: 'यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है!', यात्रा के समापन पर बोले राहुल गांधी

यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है!, यात्रा के समापन पर बोले राहुल गांधी
  • मुंबई में समाप्त हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
  • राहुल के साथ प्रियंका गांधी भी रहीं मौजूद
  • 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी यात्रा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शनिवार को लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के कुछ घंटे बाद राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में किया। इस दौरान वह मुंबई की धारावी बस्ती भी गए। यहां के रहवासियों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, "धारावी के हुनर को मदद मिलनी चाहिए, बैंकों के दरवाज़े धारावी के लिए खुलने चाहिए, क्योंकि आप जैसे लोग ही देश को बनाते हैं।"

उन्होंने कहा, "भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है, पर यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है! यात्रा के दौरान मैंने हर वर्ग के साथ हो रहे भयंकर अन्याय और उत्पीड़न को बहुत करीब से जाना और समझा।" कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "इस यात्रा से मेरा विश्वास और दृढ़ हुआ कि देश की पहली ज़रूरत न्याय है और हर वर्ग को समर्पित कांग्रेस के 5 न्याय ही संकटकाल से गुज़र रहे भारत की संजीवनी है।"

शनिवार को हुई लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर राहुल ने कहा, "आज चुनाव का बिगुल बज चुका है। कांग्रेस के सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, अब चैन से तभी बैठना, जब अन्याय का पर्याय बन चुकी इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देना।" कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, "हम जनता के जीवन से जुड़े ज़मीनी मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरेंगे। हमारा चुनावी अभियान भी युवाओं को रोज़गार, महिलाओं को अधिकार, किसानों को सही दाम, श्रमिकों को सम्मान और वंचितों को हिस्सेदारी की गारंटी को समर्पित होगा।"

देश की सच्चाई बताने के लिए की गई यात्रा

यात्रा के समापन पर राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। प्रियंका ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर कहा, "आज राहुल गांधी की 6700 किलोमीटर की भारत जोड़ो न्याय यात्रा समाप्त हो जाएगी। उन्होंने यह यात्रा आप सभी को देश की सच्चाई बताने के लिए शुरू की थी।"

इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मुंबई स्थित संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर स्मारक चैत्यभूमि पहुंचे। जहां उन्होंने बाबासाहेब को श्रृद्धांजलि दी। बता दें कि 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन 16 मार्च को मुंबई में हुआ। देश के 15 से गुजरते हुए यात्रा करीब 6600 किलोमीटर लंबी चली।

Created On :   16 March 2024 8:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story