हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच होगा गठबंधन? दिल्ली चुनाव में होगी ये अलग रणनीति!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों से गठबंधन पर चर्चा कर रही है। इस बात की पुष्टि हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने दी है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के साथ गठबंधन पर चर्चा चल रही है। आने वाले समय स्थिति स्पष्ट होती है तो इसके बारे में जानकारी दी जाएगी।
पहले माना जा रहा था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अकेले चुनावी मैदान में उतरेगी। आप के नेताओं ने भी हरियाणा चुनाव अकेले लड़ने की बात कही थी। लेकिन अब ऐसा माना जा रहा है कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हो सकता है। कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया के बयान के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
गठबंधन पर चर्चा जारी
बता दें कि, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने यह जरूर साफ कर दिया है कि वे अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने दिल्ली में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था। लेकिन, राज्य की सभी सात लोकसभा सीटों पर दोनों पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही दोनों ही पार्टियों ने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग जारी
हाल ही में दिल्ली के राजेंद्र नगर कोचिंग सेंटर में छात्रों की हुई मौत सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला था। दिल्ली में कांग्रेस के AAP पर किए हमले से माना जा रहा था कि दोनों पार्टी हरियाणा चुनाव में गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी। लेकिन दीपक बाबरिया के बयान के बाद कुछ कहना जल्दबाजी होगी। माना जा रहा है कि दिल्ली से सटे हरियाणा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का प्रभाव बहुत ज्यादा है। जिसका नुकसान कांग्रेस को हो सकता है। ऐसे में अगर दोनों पार्टी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो इसका फायदा दोनों ही पार्टियों को होगा। हालांकि, देखना होगा कि आने वाले दिनों दोनों पार्टियों के बीच समझौता हो पाता है या नहीं।
Created On :   3 Sept 2024 4:22 PM IST








