IPL 2025: GT के खिलाफ हिटमैन ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां, बन गए ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज

GT के खिलाफ हिटमैन ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां, बन गए ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज
  • GT के खिलाफ हिटमैन ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां
  • अपने नाम किए 7000 आईपीएल रन और 300 आईपीएल छक्के
  • MI के लिए दमदार बल्लेबाजी करते हुए बनाए 81 रन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में हिटमैन ने अपने आईपीएल करियर में 300 छक्कों का आंकड़ा पार कर लिया है। साथ ही वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे थे। इस दौरान उन्होंने सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी। वहीं, बेयरस्टो के आउट होने के बाद भी उन्होंने अपना आक्रमण जारी रखा और अंततः 81 रनों की कमाल की पारी खेल आउट हुए।

रोहित ने अपने पचास रन के स्कोर में दो छक्के लगाने के साथ ही आईपीएल में 300 छक्कों का आंकड़ा पार किया। उन्होंने ये बड़ी उपलब्धि 9वें ओवर की चौथी गेंद पर हासिल की। इसी के साथ वह ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय और दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस खास फेहरिस्त में उनके आगे केवल पूर्व कैरेबीयाई बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। आईपीएल में उनके नाम 357 छक्के दर्ज हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले बल्लेबाज

क्रिस गेल - 357

रोहित शर्मा - 300

विराट कोहली - 291

एमएस धोनी - 264

एबी डिविलियर्स - 251

साथ ही रोहित ने अपने आईपीएल करियर में 7000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि अपने 271वें मैच में हासिल की। आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाले वह कोहली के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

आईपीएल में 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाज

विराट कोहली - 266 मैचों में 8618 रन

रोहित शर्मा - 271 मैचों में 7000 रन

शिखर धवन - 222 मैचों में 6769 रन

डेविड वार्नर - 184 मैचों में 6565 रन

सुरेश रैना - 205 मैचों में 5528 रन

मैच की बात करें तो, आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में उतरी। टीम ने अपने बैटिंग अटैक के बदौलत गुजरात टाइटंस के सामने 5 विकेटों के नुकसान पर 229 रनों का टारगेट खड़ा किया है। टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।

Created On :   30 May 2025 9:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story