Rishabh Pant News: ऋषभ पंत की 4 महीने बाद मैदान पर वापसी, अनऑफिशियल टेस्ट में कर रहे इंडिया-ए की कप्तानी, पहले दिन साउथ अफ्रीका-ए का स्कोर 299/9

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने चोट के बाद मैदान पर वापसी कर ली है। वह साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया-ए की कप्तानी कर रहे हैं। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में कप्तान पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले के पहले दिन साउथ अफ्रीका टीम ने स्टंप्स तक 9 विकेट खोकर 299 रन बना लिए।
साउथ अफ्रीकी टीम की ओर से जॉर्डन हरमन, जुबैर हम्जा और रुबिन हरमन ने फिफ्टी लगाई। वहीं भारतीय टीम की ओर से स्पिनर तनुष कोटियान ने 4 विकेट लिए। वहीं मानव सुथार ने दो और खलील अहमद, गूरनूर बरार और अंशुल कम्बोज को 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़े -दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ BCCI ने किया टीम इंडिया का एलान, ऋषभ पंत को बनाया कप्तान, शुभमन गिल को नहीं मिली जगह
तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज के दौरान इंजर्ड हुए थे पंत
ऋषभ पंत इसी साल जून-जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में चोटिल हुए थे। वह मैच की पहले पारी में बल्लेबाजी करने के दौरान इंग्लिश गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर इंजर्ड हो गए थे। वोक्स की बॉल उनके पैर पर लगी थी, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था। हालांकि इसके बाद पंत फिर बल्लेबाजी करने लौटे और फिफ्टी लगाई, जिसके चलते भारत पहली पारी में 350 का स्कोर पा सका।
पंत की बल्लेबाजी के बाद उनका चेकअप किया गया था, जिसमें उनके पैर में फ्रैक्चर पाया गया था। जिसके बाद वह सीरीज के आखिरी मैच में नहीं खेल सके थे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया गया। तब से लेकर अब तक हुई टेस्ट सीरीज में जुरेल ही भारतीय टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
इंडिया ए - ऋषभ पंत (कप्तान), साई सुदर्शन, आयुष म्हात्रे, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, आयुष बडोनी, तनुष कोटियान, अंशुल कम्बोज, मानव सुथार, गूरनूर बरार और खलील अहमद।
साउथ अफ्रीका ए -जॉर्डन हरमन, लीसेगो सेनोक्वाने, जुबैर हम्जा, मार्क्स एकरमैन (कप्तान), रुबिन हरमन, रिवाल्डो मूनसामी, टियान वान-वुरेन, प्रनेलन सुब्रायन, शेपो मोरेकी, लुथो सिपामला और ओकुह्ले सेले।
Created On :   30 Oct 2025 8:18 PM IST












