Ind vs SL : रोहित शर्मा ने लगाया दोहरा शतक और धोनी के पैर छूने घुस आया शख्स

india vs sri lanka odi fan touch dhoni feet during live match
Ind vs SL : रोहित शर्मा ने लगाया दोहरा शतक और धोनी के पैर छूने घुस आया शख्स
Ind vs SL : रोहित शर्मा ने लगाया दोहरा शतक और धोनी के पैर छूने घुस आया शख्स

डिजिटल डेस्क, मोहाली। टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच मोहाली वनडे में जहां पहले रोहित शर्मा के चौकों-छक्कों की बरसात हुई, वहीं बाद में टीम इंडिया की फील्डिंग के दौरान एक ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने साबित कर दिया कि एमएस धोनी से उनके फैंस कितना प्यार करते हैं। दरअसल एक फैन बीच मैच के दौरान मैदान पर आ गया और सीधे विकेटकीपिंग कर रहे धोनी की ओर लपका। धोनी भी इस शख्स को देख पहले तो चौंक गए लेकिन अपने इस फैन की मंशा को भांप उन्होंने उसे अपनी ओर आने दिया। ये शख्स धोनी के करीब पहुंचा और झुक कर उनके पैर छू लिए। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इस शख्स को पकड़ा और मैदान से बाहर ले गए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने रोहित के शानदार दोहरे शतक की मदद से 392 रनों का स्कोर बनाया। हालांकि धोनी इस पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सके। इसके बाद श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी करने उतरी।

गौरतलब है कि कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा के करियर के तीसरे दोहरे शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने दूसरे एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका को 141 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी। रोहित ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 153 गेंद में 12 छक्कों और 13 चौकों की मदद से नाबाद 208 रन बनाए जिससे भारत चार विकेट पर 392 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। श्रीलंका के खिलाफ यह भारत का तीसरा सर्वोच्च स्कोर है।

रोहित ने अपने साथी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (68) के साथ पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़ने के अलावा श्रेयस अय्यर (88) के साथ दूसरे विकेट के लिए 213 रन की साझेदारी भी की। भारत का यह स्कोर इस मैदान पर वनडे में सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 2011 में नीदरलैंड के खिलाफ यहां पांच विकेट पर 351 रन बनाए थे।

उल्लेखनीय है कि भारत को धर्मशाला में पहले वनडे में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। तीसरा और निर्णायक मैच 17 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। श्रीलंका को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 190 रन की दरकार थी। मैच में इस समय सिर्फ मैथ्यूज के शतक को लेकर ही रुचि बची थी और उन्होंने भुवनेश्वर कुमार (40 रन पर एक विकेट) पर दो रन के साथ 122 गेंद मे शतक पूरा किया। वह इस पारी के दौरान वनडे में 5000 रन पूरे करने वाले श्रीलंका के 10वें बल्लेबाज बने।

Created On :   13 Dec 2017 5:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story