बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'बिहार को लूट रहे', NDA पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला, कहा- पिछली बार केवल वोट नहीं...'

- बिहार में इस साल होने है विधानसभा चुनाव
- सियासी दलों के बीच जुबानी जंग तेज
- अधिकार यात्रा में एनडीए पर तेजस्वी यादव का हमला
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हैं। इसके लिए राजनीतिक दलों जोर-शोर के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इस कड़ी में शनिवार को बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वैशाली जिले में अधिकार यात्रा समाप्त की। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने जनता को महागठबंधन की बेहतर सरकार देने का आश्वासन दिया।
अधिकार यात्रा के आखिरी दिन एनडीए पर बरसे तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "पिछले 20 सालों में NDA ने लोगों के लिए क्या किया है? उन्होंने बिहार को लूटा है और अभी भी लूट रहे हैं। प्रशासन का इस्तेमाल करके विपक्ष को परेशान किया, कई अधिकारियों के घरों में पैसा मिल रहा है। बिहार की जनता सब जानती है।"
उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार बनेगी, तो हम किसी भी भ्रष्टाचारी या अपराधी को नहीं छोड़ेंगे, चाहे वह कोई भी हो। पिछली बार, केवल वोट ही नहीं चुराए गए थे, हमारी सीटें भी चुराई गई थीं। वरना, पिछली बार ही हमारी सरकार बन जाती, लेकिन इस बार, हम कोई बेईमानी नहीं होने देंगे और सरकार बनाएंगे।"
तेजस्वी यादव ने ये भी कहा, "हमें इतनी बड़ी भीड़ और समर्थन की उम्मीद नहीं थी।
लोग दिन-रात, धूप-बारिश की परवाह किए बिना इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि मौजूदा सरकार उनके लिए कुछ नहीं कर रही है। लोग बदलाव के मूड में हैं। लोगों को हमसे उम्मीदें हैं।
बिहार की जनता को लेकर कही ये बात
उन्होंने आगे कहा कि "बिहार के लोगों को कलम, कारखाने, काम का हक़ मिलना चाहिए। वे चाहते हैं कि बिहार में निवेश हो, कारखाने लगें, रोज़गार मिले, पलायन से मुक्ति मिले। इस सरकार ने लोगों को क्या दिया। लोगों को घर में घुसकर गोली मारी जा रही है। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने की बजाय सरकार उन्हें बचा रही है।"
Created On :   20 Sept 2025 8:43 PM IST