Patna University Protest: CM नीतीश कुमार के खिलाफ पटना यूनिवर्सिटी में लगाए नारे, हंगामे के बीच किया नए भवन का उद्धाटन, जानिए क्या हैं मामला?

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को राजधानी पटना यूनिवर्सिटी के नए प्रशासनिक भवन का उद्धाटन करने पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान माहौल गरमाता हुआ नजर आया। इस कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने उनका जमकर विरोध किया। इतना ही नहीं स्थिति हंगामे तक पहुंच गई थी। जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में छात्रों और पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पदाधिकारियों को नहीं बुलाया था, इस वजह से वे नाराज थे। जैसे ही सीएम नीतीश कुमार कार्यक्रम स्थल पहुंचे, छात्रों के एक समूह ने 'नीतीश कुमार गो बैक' के नारे लगाना शुरू कर दिए। मामला देखते ही देखते तेज हो गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई थी।
यह भी पढ़े -बिहार के अगले सीएम को लेकर सियासत तेज, जीतन राम मांझी ने दिया बड़ा बयान, कहा- 'पीएम मोदी और अमित शाह...'
CM के कार्यक्रम में क्यों हुई नारेबाजी
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। इस विरोध के दौरान एनडीए समर्थक छात्रों का एक ग्रुप भी एक्टिव नजर आया। उन्होंने 'जिंदाबाद' के नारे लगाने शुरू किए। इससे माहौल और तनावपूर्ण बन गया था। इसके बाद दोनों गुटों के बीच नारेबाजी काफी देर तक चली।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले की वजह यह थी कि इस कार्यक्रम में पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पदाधिकारियों और छात्रों को नहीं बुलाया गया था। इसी बात को लेकर विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता चुना।
डिप्टी सीएम ने हालात पर काबू पाने का किया प्रयास
माहौल गर्म हो जाने के बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनिल कुमार छात्रों से बातचीत करने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान उन्होंने उनकी बात सुनने और उन्हें शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद भी छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। हालात उस समय भी बिगड़ गए थे, जब सुनील कुमार को छात्रों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें वहां से जाना ही पड़ा। हंगामे के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी, ताकि किसी तरह की कोई घटना न हो। हालांकि, इस हंगामे के बाद भी मुख्यमंत्री ने नए प्रशासनिक भवन का उद्धाटन किया।
Created On :   30 March 2026 9:49 PM IST













