Bhopal News: लूट की मास्टर माइंड डॉक्टर की ही दोस्त निकली, पैसे देकर करवाई लूट, 4 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास के पास हाल ही में डॉ मनोज वर्मा से सोने का कड़ा लूटने वाली मास्टर माइंड आलिया खान सहित 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आलिया खान डॉक्टर की दोस्त है और उसने बदला लेने के लिए लूट की है।
आरोपियों से पुलिस ने 17 लाख का 11 तोला सोना बरामद कर लिया है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी आलिया खान की डॉ मनोज वर्मा को 2 सालों से जानती थी। डाॅ वर्मा बोट क्लब स्थित जीवन वाटिका में प्रतिदिन योग करने जाते थे, जहां आलिया भी जाया करती थी। धीरे-धीरे आलिया और डॉ वर्मा की दोस्ती हो गई। दोनो के बीच आपसी विवाद के चलते आलिया ने डॉ वर्मा से दूरी बना ली। आलिया, डॉक्टर वर्मा से बदला लेना चाहती थी, इसलिए उसने ये साजिश रची। पुलिस के अनुसार आलिया राष्ट्रीय मानवाधिकार और अपराध नियंत्रण ब्यूरो (एनजीओ) में ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर रहीं है। आलिया सोशल वर्कर होने का भी दावा करती थी। डॉक्टर स्वास्थ्य विभाग में टी.बी. डिपार्टमेन्ट में डायरेक्टर के पद पर होने से दोनों के बीच काम के संबंध में लगातार बातचीत भी होती रही है।
पैसे दे कर लूट कराई
जमानत के सिलसिले में मिलने आए अदनान से आलिया खान ने डॉ वर्मा को लेकर बात की। आलिया खान ने अदनान से मिलकर डॉक्टर से मारपीट करने की योजना बनाई। अदनान ने इस काम के लिए तीन लोगों को पैसे देने की बात कही। आलिया ने कुछ पैसे अदनान को दिये। आलिया ने ये भी बताया कि डॉक्टर के हाथ मे सोने का कड़ा है उसे लूट लेना। घटना के बाद योजना के तहत आलिया ने अदनान को डाक्टर के आने जाने का समय व रास्ता की सम्पूर्ण जानकारी दी। अदनान ने घटना से एक दो दिन पहले अपने दोस्तो के साथ मिलकर रेकी की। योजना के मुताबिक अप्रैल को को जब डाक्टर मनोज वर्मा रोज की तरह बोट क्लब से अपने घर साइकिलिंग करते हुए जा रहे थे तभी मिर्च पाउडर डालकर उनसे लूट की गई। आरोपी अरशान ने अपनी मोटर साइकिल से किलोल पार्क के पास मेन रोड पर डॉक्टर की साइकिल में टक्कर मारकर गिरा दिया और सामने से आरोपी अदनान और मोहम्मद मुदस्सिर ने डॉक्टर के आंख में मिर्ची पाउडर डाल कर डॉक्टर के हाथ से सोने का कडा छीन लिया। तीनो आरोपी वहां से भाग गये। विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश के लिए 500 सीसीटीव्ही फुटेज देखे गये। अलग अलग 10 टीमे लूट के अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगाई गई,आरोपियों के अन्य थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Created On :   16 April 2026 4:24 PM IST














