सत्ता का खुमार: योगी सरकार में मंत्री बनते हीं बदले ओम प्रकाश राजभर के तेवर, मुख्यमंत्री के बाद खुद को बताया सबसे पावरफुल

योगी सरकार में मंत्री बनते हीं बदले ओम प्रकाश राजभर के तेवर, मुख्यमंत्री के बाद खुद को बताया सबसे पावरफुल
  • बदले ओम प्रकाश राजभर के तेवर
  • योगी सरकार में तीन दिन पहले ही बने हैं मंत्री
  • खुद को बताया गब्बर सिंह

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को कैबिनेट विस्तार किया। योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का यह पहला कैबिनेट विस्तार था। लखनऊ के राजभवन में सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर, भाजपा नेता दारा सिंह, सुनील शर्मा और रालोद नेता अनिल कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्री बनते ही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) नेता ओम प्रकाश राजभर के बदले तेवर देखने को मिला। राजभर ने खुद को गब्बर सिंह बताया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पीला गमछा डालकर किसी भी थाने जाने को कहा। यहां तक कि उन्होंने खुद को सीएम योगी आदित्यनाथ के लगभग बराबर लाकर खड़ा कर दिया।

क्या बोले राजभर?

सुभासपा प्रमुख राजभर ने सत्ता मिलते ही धौंस जमाना शुरू कर दिया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, "मैं कहता हूं किसी थाने पर जाओ लेकिन, सफेद गमछा मत लगाओ। हमारा पीला गमछा लगाओ। पीला गमछा लगाकर जब थाने पर जाओगे तब तुम्हारी शक्ल में दरोगा को राजभर दिखेगा। जाकर बता देना कि मंत्री जी ने भेजा है।"

यही नहीं मंत्री जी ने खुद को मुख्यमंत्री के लगभग बराबर बता दिया। उन्होंने कहा आप लोगों ने देखा कि मुख्यमंत्री बैठकर ओम प्रकाश राजभर को शपथ दिला रहे थे। हम मंत्री बनेंगे - बोलो कहा था या नहीं? ललकार कर कहा था कि मंत्री बनेंगे और बनकर दिखा दिया। आज मुख्यमंत्री के पावर के बाद अगर किसी के पास पावर है तो वो ओमप्रकाश राजभर के पास है।

खुद को बताया गब्बर

पावर के नशे में ओम प्रकाश राजभर ने खुद को गब्बर सिंह बता दिया। मंत्री जी ने कहा, "दरोगा, डीएम, एसपी में पावर नहीं है कि फोन लगाकर पूछे कि मंत्री ने लोगों को भेजा है या नहीं। शोले में एक गब्बर सिंह था, तो मुझे गब्बर समझ लो।" आपको बता दें कि ओम प्रकाश राजभर ने सिर्फ तीन दिन पहले ही मंत्री पद की शपथ ली है। एनडीए में सुभासपा और रालोद के नए सहयोगी दल के रूप में शामिल होने के बाद इन पार्टियों के नेताओं को कैबिनेट में जगह दी गई है।

Created On :   7 March 2024 5:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story