कूनो नेशनल पार्क: कूनो नेशनल पार्क से फिर मिली खुशखबरी, नामिबिया से आई मादा चीता ज्वाला ने दिया तीन शावकों को जन्म

कूनो नेशनल पार्क से फिर मिली खुशखबरी, नामिबिया से आई मादा चीता ज्वाला ने दिया तीन शावकों को जन्म
  • मध्यप्रदेश के श्योपुर में स्थित कूनो नेशनल पार्क में तीन नन्हें शावकों का जन्म हुआ है
  • नामिबिया से आई मादा चीता ज्वाला ने तीनों नन्हें शावकों को जन्म दिया
  • कुछ दिन पहले 3 जनवरी को नामीबिया से आई मादा चीता आशा ने भी तीन शावकों को जन्म दिया था

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के श्योपुर में स्थित कूनो नेशनल पार्क में तीन नन्हें शावकों का जन्म हुआ है। नामिबिया से आई मादा चीता ज्वाला ने तीनों नन्हें शावकों को जन्म दिया। इसकी जानकारी केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। नन्हें शावकों के जन्म से अब चीतों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। आपको बता दें कुछ दिन पहले 3 जनवरी को नामीबिया से आई मादा चीता आशा ने भी तीन शावकों को जन्म दिया था। इस तरह कूनो नेशनल पार्क में 6 नए मेहमान आए हैं। कूनो की मेडिकल टीम के मुताबिक, तीनों नवजात शावकों की हेल्थ फिलहाल अच्छी है और टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

भूपेंद्र यादव ने शेयर की वीडियो

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए लिखा"ज्वाला नाम की नामीबियाई चीता ने तीन शावकों को जन्म दिया है। यह नामीबियाई चीता आशा के अपने शावकों को जन्म देने के कुछ ही सप्ताह बाद आया है। देश भर के सभी वन्यजीव फ्रंटलाइन वॉरियर्स और वन्यजीव प्रेमियों को बधाई। भारत में इसी तरह से वन्य जीवन फले-फूले।" आपको बता दें कि ज्वाला का नाम पहले शियाया था जिसे बाद में बदल दिया गया।

इससे पहले चार शावकों को दिया था जन्म

मादा चीता ज्वाला ने इससे पहले मार्च 2023 में चार शावकों को जन्म दिया था। उन चार शावकों में से तीन की मौत हो गई थी। उस समय कूनो नेशनल पार्क की प्रबंधन टीम ने भीषण गर्मी को शावकों की मौत का कारण बताया था। जिंदा रहने वाला एक शावक फिलहाल 10 महीने का है और पूरी तरह स्वस्थ है। आपको बता दें कि प्रोजेक्ट चीता के तहत दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से 20 चीते लाए गए थे। इन्हें दो चरणों में भारत लाया गया और कूनो नेशनल पार्क में बसाए गए। इनमें से सात चीतों की अबतक मौत हो चुकी है। हालांकि, 6 नए शावकों के आने से कूनो में चीतों का कुनबा बढता हुआ दिखाई दे रहा है।

Created On :   23 Jan 2024 5:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story