- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अमरावती शहर की हर गली में चल रहा...
Amravati News: अमरावती शहर की हर गली में चल रहा सट्टा-जुआ , अवैध धंधों की भरमार

- खोड़के ने विधान परिषद में उठाया सवाल
- बिगड़ती जा रही है कानून व्यवस्था
Amravati News मानसून सत्र में विधायक सुलभा खोड़के द्वारा विधानसभा में शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर आवाज बुलंद करने के बाद अब यह मुद्दा विधान परिषद में उठाया गया। विधायक संजय खोड़के ने कहा कि अमरावती शहर में एएसआई कलाम की निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति उजागर कर दी है। अमरावती में हर गली में सट्टा-जुआ चल रहा है, युवा पीढ़ी अपराध की ओर आकर्षित हो रही है।
बढ़ते अवैध धंधे, माफियागिरी, ड्रग्स, गुटखा और अपराधों के कारण शहर माफिया राज की ओर बढ़ रहा है। ड्रग्स, गुटखा, सट्टा, क्रिकेट सट्टा जैसे अपराध बढ़ रहे हैं। अवैध धंधों में लिप्त अपराधियों को पुलिस का डर नहीं है। मारपीट से लेकर हत्या तक की घटनाएं हो रही हैं। एएसआई कलाम की हत्या इसका जीवंत उदाहरण है। ऐसे में शहर में चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था, नियमित पेट्रोलिंग और हर गली-मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगाने की तत्काल आवश्यकता है।
विधायक खोडके ने विधान परिषद में गृह विभाग की अनुदान मांगों पर कहा कि अमरावती में 25 वर्षों से कार्यरत पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत फिलहाल 10 थाने हैं, लेकिन शहर का तेजी से विस्तार होने से कम से कम दो नए पुलिस थानों की आवश्यकता है। संबंधित प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है, लेकिन अब तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
ट्रैफिक व्यवस्था खस्ताहाल : शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विधायक ने नाराज़गी जताई। हाल ही में उड़ान पुल पर ट्रक की टक्कर से महिला की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक कंट्रोल की बजाय चालान वसूली पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ट्रैफिक सुधार के लिए त्वरित कदम उठाने की मांग की।
Created On :   10 July 2025 1:16 PM IST