- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भंडारा में नई प्रभाग रचना के बाद...
Bhandara News: भंडारा में नई प्रभाग रचना के बाद शहर में बढ़ेगी पार्षदों की संख्या

- पहले थे 33, अब होंगे 35
- सिर्फ प्रभाग क्रमांक 1 में होंगे तीन नगरसेवक
- नागरिकों से 31 अगस्त तक मंगवायीं आपत्तियां
Bhandara News शासन के महाराष्ट्र नगर परिषद, नगर पंचायत व औद्योगिक नागरी अधिनियम 1965 की धारा 9 में सुधार के चलते भंडारा शहर में नगरसेवकों की संख्या बढ़ने वाली है। वर्ष 2016 में हुए नगर परिषद के चुनाव भंडारा के 16 प्रभागों के लिए 33 नगरसेवक थे। अभी 16 प्रभागों के लिए 35 नगरसेवक रहेंगे। सिर्फ प्रभाग क्रमांक 1 में तीन नगरसेवक रहेंगे। यह प्रभाग रचना नगर परिषद द्वारा 18 अगस्त को जारी की गई है। इस पर आपत्ति या सूचनाएं रहने पर नागरिकों को 31 अगस्त तक कार्यालय के संकेतस्थल पर सूचनाएं दर्ज करनी होगी।
वर्ष 2011 में हुई जनगणना के अनुसार, भंडारा शहर की जनसंख्या 91 हजार 845 है। वर्ष 2016 में हुए सार्वत्रिक चुनाव में भंडारा शहर के 16 प्रभाग व 33 नगरसेवक थे। अब शासन के महाराष्ट्र नगर परिषद, नगर पंचायत व औद्योगिक नगरी अधिनियम 1965 की धारा 9 में सुधार करने से सदस्य संख्या दो से बढ़ी है। जिससे अब नगर परिषद के नगरसेवक 35 रहेंगे।
नागपुर विभाग के विभागीय आयुक्त ने नगर परिषद भंडारा के सार्वत्रिक चुनाव 2025 प्रारूप प्रभाग रचना को मंजूरी प्रदान की है। 18 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर तथा कार्यालय के संकेत स्थल पर नागरिकों की जानकारी के लिए प्रभाग रचना प्रसिद्ध की गई है। नागरिकों को 31 अगस्त तक आपत्ति तथा सूचनाएं दर्ज करनी होगी। प्रारूप प्रभाग रचना पर नागरिकों की आपत्ति व सूचनाएं देखकर जिलाधिकारी भंडारा द्वारा सुनवाई 1 से 11 सितंबर तक की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग प्रभाग रचना को अंतिम मंजूरी 26 से 30 सितंबर तक देंगे। नागरिकों को अधिक जानकारी के लिए उप मुख्याधिकारी आकाश दिलीप साहारे से संपर्क करना होगा।
जल्द बजेगा चुनाव का बिगुल :जिले के चार नगर परिषदों में वर्ष 2022 से प्रशासक राज है, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद चुनाव की प्रक्रिया को गति मिली है। जल्द ही भंडारा, तुमसर, साकोली व पवनी नगर परिषद के चुनाव होंगे। इसके लिए राजनीतिक पार्टियों ने तथा इच्छुक नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है।
Created On :   19 Aug 2025 3:31 PM IST