खौफ: चंंद्रपुर में दीवार लांघकर अफसर के बंगले में तेंदुए के कुनबे ने डाला डेरा

चंंद्रपुर में दीवार लांघकर अफसर के बंगले में तेंदुए के कुनबे ने डाला डेरा
  • ऑर्डिनेन्स फैक्टरी में दहशत
  • सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
  • वनविभाग ने लगाए पिंजरे, बढ़ाई गश्त

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर । जिले के भद्रावती तहसील अंतर्गत आर्डिनेन्स फैक्ट्री और अधिकारी-कर्मचारियों की कालोनी में तेंदुओं के विचरण से भारी दहशत है। यह विचरण इतना बढ़ गया है कि एक अफसर के बंगले के सुरक्षा दीवार को लांघकर तेंदुए के कुनबे ने डेरा डाल दिया। कुछ देर रुकने के बाद बारी-बारी से एक-एक कर 4 तेंदुए गेट पर चढ़कर चलते बने। यह सब कुछ एक व्यक्ति ने मोबाइल के कैमेरे से कैद किया। उसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही वनविभाग की टीम ने 2 अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए हंै। साथ ही गश्त भी बढ़ा दी है।

आयुध निर्माणी चांदा के कालोनी में रहनेवाले एक व्यक्ति ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, यह वीडियो सेक्टर 6 के ऑफिसर कालोनी के ज्वाइन्ट जनरल मैनेजर नवीन गहलोत के बंगले का है, जो सोमवार रात का है और मंगलवार से वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि, हमेशा यहां बाघ, तेंदुआ, भालू जैसे वन्यजीवों का विचरण रहता है किंतु एकसाथ चार-चार तेंदुए दिखने से परिसर में दहशत व्याप्त है। कई लोग श्वान पालने से तेंदुए रिहायशी इलाके की ओर रुख कर रहे हंै। प्रशासन से आवश्यक कदम उठाकर उपाय योजना करनी चाहिए।

दो वर्ष में पकड़े गए 9 तेंदुए : बता दें कि, आयुध निर्माण चांदा परिसर ताड़ोबा के जंगल से सटा हुआ है। यहां अक्सर बाघ, तेंदुए, भालू जैसे वन्यजीवों का विचरण देखा जाता है किंतु परिसर में तेंदुओं की संख्या उल्लेखनीय है। जानकारी के मुताबिक पिछले 2 वर्ष में इस परिसर से करीब 9 तेंदुओं को पिंजरे में कैद करने में भद्रावती वनविभाग की टीम को सफलता मिली है। बावजूद तेंदुओं की संख्या कम नहीं हुई बल्कि वायरल हो रहे वीडियो से पता चलता है कि, तेंदुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। मात्र रिहायशी इलाकों में विचरण बढ़ने से वनविभाग का सिरदर्द बढ़ रहा है।

रेस्क्यू टीम लगाई है : वीडियो के माध्यम से सूचना मिलते ही आर्डिनेन्स फैक्ट्री में जहां यह कुनबा दिखा उस एरिया में सर्च किया किया गया। तेंदुए कहां से आ रहे हंै इसकी पड़ताल की गई। रेस्क्यू के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाने के साथ वनकर्मी गश्त लगा रहे हैं। -हरिदास शेंडे, वनपरिक्षेत्र अधिकारी, भद्रावती

Created On :   7 March 2024 9:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story