Chhindwara News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से शेषराव ने बैतूल में की मुलाकात तो बंटी भोपाल में मिले

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से शेषराव ने बैतूल में की मुलाकात तो बंटी भोपाल में मिले
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से शेषराव ने बैतूल में की मुलाकात तो बंटी भोपाल में मिले
  • पितृपक्ष के पहले कभी भी घोषित हो सकती है भाजपा की जिला कार्यकारिणी

Chhindwara News: तमाम प्रक्रियाओं और चर्चाओं के बाद अब भाजपा जिला कार्यकारिणी की गेंद प्रदेश नेतृत्व के पाले में है। अंतिम कवायद के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से यहां के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकातें भी हो चुकी हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव की चार दिन पहले बैतूल में प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल से चर्चा और दिल्ली से लौटकर सांसद बंटी विवेक साहू भी सोमवार को भोपाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात को भावी जिला कार्यकारिणी से जोडक़र देखा जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक पितृपक्ष के पहले सूची कभी भी आ सकती है। मतलब साफ है कि सूची तैयार है, सिर्फ घोषणा का इंतजार है। हालांकि पिछले बार यानी वर्ष 2020 में प्रदेश भाजपा ने जिला स्तर से ही सूची जारी करवाई थी। यह संभवत: पहला मौका है जब कार्यकारिणी की सूची भोपाल से जारी हो रही है, हालांकि सूची जिला अध्यक्षों के हस्ताक्षर से ही जारी हो रही है।

गुटबाजी के चलते कार्यकारिणी पर सबकी नजरें

भाजपा के भीतर की गुटबाजी जाहिर है, गुटीय आधार पर कार्यकारिणी को लेकर रस्साकशी भी खूब मची रही। कोर कमेटी में चर्चा के दौरान तो नामों को लेकर नेताओं के तेवर भी चर्चाओं में रहे। रायशुमारी की औपचारिकता के दौरान भी दोनों गुटों के रंग अलग अलग ही नजर आए। ऐसे में भाजपा की जिला कार्यकारिणी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

कौन से चेहरे बनेंगे महामंत्री, इस पर भी कयास

कार्यकारिणी में कुल २२ पदाधिकारी बनेंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले महामंत्री के पद किन चेहरों को मिलेंगे इसको लेकर खूब कयास लगाए जा रहे हैं। खेमों के हिसाब से चेहरों पर बात हो रही है। दोनों ही खेमों में महामंत्री पद के एक से ज्यादा दावेदार हैं। तीन में से एक महामंत्री का पद आदिवासी वर्ग के नेताओं के खाते में जाना है।

ऐसा होगा पूरी कार्यकारिणी का स्वरूप

भाजपा जिला कार्यकारिणी में जिला अध्यक्ष के अलावा ३ महामंत्री होंगे। इनमें एक एसटी वर्ग से होगा। ८ उपाध्यक्ष, ८ मंत्री, १ कोषाध्यक्ष, १ कार्यालय मंत्री, १ मीडिया प्रभारी, १ सोशल मीडिया प्रभारी और एक आईटी सेल प्रभारी मनोनीत किया जाएगा। पदाधिकारियों समेत कुल ९० सदस्य कार्यकारिणी में होंगे। वहीं १५ विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए जाएंगे।

Created On :   3 Sept 2025 2:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story