क्षति: गड़चिरोली में बेमौसम बारिश से ईंटों के साथ रबी फसलों को हुआ भारी नुकसान

  • मूसलाधार बारिश के कारण फसलें हुई तबाह
  • भटि्ठयों पर रखा कच्चा माल भी पूरी तरह कीचड़ में तब्दील
  • बाहर रखा अनाज भी भीगा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। तड़के समूचे जिलेभर में बेमौसम बारिश ने दस्तक दी। लगातार दो घंटों तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण रबी की विभिन्न फसलों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। वहीं ईंटभट्‌ठा व्यापारियों को भी घाटा उठाना पड़ा। ईंट भटि्ठयों पर जहां-तहां पानी भर जाने से तैयार ईंटों के साथ कच्चा माल भी पानी में बह जाने की जानकारी सामने आयी है। अचानक हुई इस बारिश के कारण जिलेभर में नुकसान के मंजर को देखा जा रहा है। उधर बदरीला मौसम बना रहने के कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा।

यहां बता दें कि, दिनभर मौसम साफ था। मात्र अचानक ही गरज के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। यह बारिश लगातार दो घंटों तक जारी रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश समूचे जिलेभर में हुई। वर्तमान में रबी सीजन शुरू होकर खेतों में धान के साथ मका, मिर्च, कपास समेत विभिन्न प्रकार के सब्जियों की फसल लगायी गयी है। लेकिन अचानक हुई इस बारिश के कारण किसानों की फसलें तबाह होने की जानकारी मिली है। उधर ईंटभट्‌ठा व्यापारियों की भटि्ठयों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। तैयार ईंटे इस पानी में भीग जाने के कारण व्यापारियों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। साथ ही भटि्ठयों पर रखा कच्चा माल भी पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है।

घटेगा आम का उत्पादन : वर्तमान में आम के पेड़ों पर बयार आना शुरू हो गया है। आने वाले कुछ ही दिनों में मनाए जाने वाले गुढ़ीपाडवा त्योहार से इन फूलों पर फल तैयार होने लगेंगे। लेकिनअचानक हुई बेमौसम बारिश से आम पेड़ों पर आया बयार झड़ गया है। जिसके चलते इस वर्ष आम का उत्पादन कम होने की आशंका किसानों द्वारा जताई गयी है।

चंद्रपुर जिले में भी जमकर बरसे मेघ : गुरुवार की रात चंद्रपुर शहर में जमकर बेघ बरसे। बरसात से किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। 1 फरवरी की शाम से ही बादल छाए थे और रात 12 बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। चंद्रपुर में 9.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कृषि विभाग के अनुसार खेतों में खड़ी चना, उदड़, मूंग, सरसो आदि फसलों को इतनी बारिश से कोई नुकसान नहीं होगा बल्कि लाभ ही होगा। रात में हुई बारिश की वजह से शहर की नालियों का पानी सड़कों से बह रहा था। नालियां अवरुद्ध होने की वजह से गटर की गंदगी सड़कों से बहकर कुछ लोगों के घर के सामने जमा हो गई। जिसकी सफाई लोग सुबह के समय करते दिखाई दिए हंै।

Created On :   3 Feb 2024 1:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story